मकराना पुलिस की आधी रात बड़ी कार्रवाई: जुआ खेलते 5 दबोचे, 36 हजार की नगदी बरामद
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। शहर में अवैध गतिविधियों और सट्टेबाजी के खिलाफ मकराना पुलिस ने अपना सख्त रुख जारी रखा है। रविवार-सोमार की दरमियानी रात पुलिस ने पलाड़ा रोड पर दबिश देकर जुआ खेल रहे पांच लोगों को मौके से गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से ताश के पत्तों के साथ 36,040 रुपये की जुआ राशि भी बरामद की है। जानकारी के अनुसार, थाना पुलिस को मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थी कि पलाड़ा रोड क्षेत्र में कुछ लोग देर रात ताश के पत्तों पर बड़ा दांव लगा रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए हेड कांस्टेबल नेमीचंद के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें कांस्टेबल नंदाराम, सुखदेव और सुरेश कुमार शामिल थे। टीम ने रात करीब 1 बजे चिन्हित स्थान पर अचानक छापेमारी की।
पुलिस की जीप को देखते ही मौके पर भगदड़ मच गई और जुआरी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश करने लगे। हालांकि, मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने मौके से ताश की पत्तियां और दांव पर लगी 36,040 रुपये की नगदी जब्त कर अरबाज (21) निवासी टंकी चौराहा, हसन (45) निवासी टंकी चौराहा, किस्मत अली (53) निवासी गली नंबर 2, पीर की दरगाह, जाकिर हुसेन (40) निवासी गौड़ाबास, फिरोज (28) निवासी पीर की दरगाह को गिरफ्तार कर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की, जिसके बाद आरोपियों को जमानत पर रिहा कर दिया गया। गौरतलब है कि मकराना पुलिस पिछले कुछ समय से जुआरियों पर नकेल कस रही है। इससे पहले 9 मार्च की रात करीब 1:30 बजे भी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 जुआरियों को गिरफ्तार किया था। लगातार हो रही इन कार्यवाहियों से अवैध कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
गरिमा चौधरी, थानाधिकारी मकराना का कहना है कि "अवैध सट्टे और जुए के खिलाफ हमारा अभियान निरंतर जारी रहेगा। शहर की शांति व्यवस्था भंग करने वाले और अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।"