अतिक्रमण पर चला पीला पंजा, सड़क चौड़ीकरण के लिए हटाए कब्जे
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) भरतपुर नगर निगम प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में सड़क चौड़ीकरण और नाला निर्माण को लेकर सेवर कस्बे में अभियान चलाया गया। नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए और विरोध प्रदर्शन भी किया। हालांकि नगर निगम आयुक्त श्रवण कुमार बिश्नोई की समझाइश के बाद स्थिति शांत हो गई और लोगों ने सहयोग करते हुए कार्रवाई को आगे बढ़ने दिया। पूरे अभियान के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा, जिससे कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
नगर निगम आयुक्त श्रवण कुमार बिश्नोई ने बताया कि सेवर स्थित फोर्ट से सेवर बाजार तक करीब 80 फीट और बाजार से सेवर तिराहे तक 60 फीट सड़क चौड़ीकरण के साथ नाला निर्माण कार्य प्रस्तावित है। इसी को लेकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि जिन लोगों ने अस्थायी अतिक्रमण कर रखा है, उन्हें नोटिस जारी कर 7 दिन के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर नगर निगम द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से सेवर कस्बे के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। नाला निर्माण होने से जलभराव की समस्या का समाधान होगा, वहीं सड़क चौड़ी होने से यातायात सुगम होगा और जाम की समस्या से निजात मिलेगी।


