चिड़ावा की बेटी मोक्षा अग्रवाल का ऐतिहासिक अभिनंदन; एसएससी सीजीएल में 43वीं रैंक लाकर बनीं प्रेरणा
चिड़ावा (सुमेर सिंह राव)। कस्बे की होनहार बेटी मोक्षा अग्रवाल द्वारा एसएससी सीजीएल (SSC CGL) परीक्षा में ऑल इंडिया 43वीं रैंक हासिल करने की गौरवमयी उपलब्धि पर अग्रवाल समाज द्वारा भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मोक्षा की इस ऐतिहासिक सफलता पर समाज के प्रबुद्ध जनों ने उनके निवास पहुँचकर मोक्षा व उनके परिजनों का साफा, माला और स्मृति चिह्न देकर अभिनंदन किया।
- युवाओं के लिए मार्गदर्शक बनी सफलता:
अग्रवाल जन कल्याण समिति के पूर्व अध्यक्ष दामोदरप्रसाद हिम्मतरामका की अगुवाई एवं श्रीश्याम मंदिर चिड़ावा धाम के मुख्य महंत राजू जी के सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में वक्ताओं ने मोक्षा की मेधा की सराहना की। हिम्मतरामका ने कहा कि मोक्षा की यह सफलता केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि पूरे शेखावाटी और अग्रवाल समाज के युवाओं के लिए प्रेरणा पुंज है। उन्होंने समाज के युवाओं से शासन और प्रशासन में भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।
- कठोर परिश्रम और अनुशासन की जीत:
मोक्षा अग्रवाल ने करीब 1.30 लाख अभ्यर्थियों की कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच देश भर में 43वाँ स्थान प्राप्त किया है। उनका चयन केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) विभाग में इंस्पेक्टर पद पर हुआ है। अपनी सफलता का मंत्र साझा करते हुए मोक्षा ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से उन्होंने सोशल मीडिया से पूर्ण दूरी बनाए रखी और एक ही कमरे में रहकर एकाग्रता के साथ पढ़ाई की।
पूर्वी राजस्थान अग्रवाल सम्मेलन के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष झंडीप्रसाद हिम्मतरामका और व्यापार मंडल अध्यक्ष महेश मालानी ने भी अपना बधाई संदेश भेजा। कार्यक्रम में अग्रवाल जन कल्याण समिति के संस्थापक प्रदीप मोदी, प्रदेश महामंत्री अनुज भगेरिया, पूर्व सहवृत्त सदस्य कपिल भगेरिया, महेंद्र मोदी, अमित सुशील गोयल और मनीषा केडिया सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। यह सम्मान समारोह इस संदेश के साथ संपन्न हुआ कि यदि संकल्प दृढ़ हो, तो छोटे कस्बों की प्रतिभाएं भी बिना किसी बड़े संसाधन के देश के सर्वोच्च पायदान पर पहुँच सकती हैं।

