बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती के अवसर पर जिला स्तरीय समारोह का हुआ भव्य आयोजन
खैरथल (हीरालाल भूरानी) बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर जिला स्तरीय समारोह का आयोजन जिला सचिवालय सभागार, खैरथल-तिजारा में किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत सीकर रोड स्थित भवानी निकेतन परिसर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का जिला स्तर पर वर्चुअल माध्यम से लाइव प्रसारण किया गया, जिसमें उपस्थित जनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम से पूर्व जिला कलेक्टर ने अंबेडकर चौराहा पहुंचकर बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलेक्टर ने उपस्थित सभी लोगों को संविधान की शपथ दिलाई तथा संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक और भावपूर्ण पाठन कराते हुए सभी को संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संकल्प दिलाया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, समानता और सामाजिक न्याय का प्रतीक है तथा उनके विचार आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने सभी को उनके आदर्शों को अपनाने और संविधान के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
समारोह के पश्चात जिला कलेक्टर ने उपस्थित छात्रों से संवाद कर बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करने की बात कही। समाज कल्याण अधिकारी रमेश दहमीवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य स्तरीय कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के कुल 11,938 पेंशन लाभार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से राशि का हस्तांतरण किया गया। इसके साथ ही जिले में दो नवीन छात्रावासों का वर्चुअल शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, जिले के अधिकारी, कर्मचारी, उद्योगपति, आमजन एवं छात्राएं उपस्थित रहे।


