ट्रांसजेंडर दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित; सरकारी योजनाओं का लाभ लेने एवं मुख्यधारा से जुड़ने के लिए करें प्रेरित-जिला कलक्टर
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) ट्रांसजेंडर दिवस के अवसर पर ट्रांसजेंडर समुदाय के सशक्तिकरण एवं उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को नेशनल पोर्टल फॉर ट्रांसजेंडर पर पहचान प्रमाण पत्र हेतु ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं जैसे पेंशन योजना, छात्रवृत्ति, अध्ययनरत बच्चों को आर्थिक सहायता, व्यावसायिक प्रशिक्षण, स्वरोजगार अथवा व्यवसाय, चिकित्सा सुविधा में जेंडर परिवर्तन सहायता, काउंसलिंग, आवास योजना तथा निःशुल्क अनाज जैसी सुविधाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर नीतू मौसी की प्रतिनिधि मन्नत (मुस्कान), मंजू परी सहित ट्रांसजेंडर समुदाय के अन्य सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक श्याम सुंदर शर्मा, ब्लॉक सामाजिक सुरक्षा अधिकारी रामरतन, स्वयंसेवी संस्था प्रबल सोसायटी के अध्यक्ष पवन भाटी एवं शाखा प्रभारी नरेन्द्र शर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से ट्रांसजेंडर समुदाय को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने एवं मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।


