कथा विराम के बाद भी सेवा जारी: मेडिसिटी ग्राउंड की सफाई में जुटे सैकड़ों हाथ
भीलवाड़ा, (बृजेश शर्मा) आमतौर पर बड़े आयोजनों से पहले मैदानों की साफ-सफाई के लिए श्रमदान देखने को मिलता है, लेकिन आयोजन समाप्त होने के बाद भी उसी उत्साह से सफाई के लिए जुटना विरले ही देखने को मिलता है। ऐसा ही प्रेरणादायक दृश्य गुरुवार सुबह भीलवाड़ा के न्यू आजादनगर स्थित मेडिसिटी ग्राउंड में देखने को मिला।
यहां 8 से 14 अप्रैल तक पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से श्री शिव महापुराण कथा का भव्य आयोजन महामंडलेश्वर बाबूगिरी महाराज के सानिध्य में सम्पन्न हुआ, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कथा समाप्ति के बाद श्रद्धालु तो अपने घर लौट गए, लेकिन मैदान में फैले कचरे को साफ करने के लिए आयोजन समिति ने जिम्मेदारी स्वयं उठाई।
जिम्मेदारी का परिचय: कार्यकर्ताओं ने संभाली सफाई की कमान
नगर निगम पर निर्भर रहने के बजाय श्री शिव महापुराण कथा आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता गुरुवार सुबह मैदान में पहुंचे और श्रमदान के माध्यम से सफाई अभियान शुरू किया।
कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ इस मुहिम में जुटे। करीब एक घंटे तक चले श्रमदान में मैदान के बड़े हिस्से से कचरा हटाया गया। इस अभियान में बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
दो दिन और चलेगा श्रमदान अभियान
मैदान के विशाल क्षेत्र को देखते हुए यह अभियान शुक्रवार और शनिवार को भी सुबह 6:30 से 8 बजे तक जारी रहेगा, ताकि कोई भी हिस्सा सफाई से अछूता न रहे। इस अनूठी पहल की राहगीरों और शहरवासियों ने भी जमकर सराहना की।
“साफ-सफाई हमारी जिम्मेदारी” – विधायक कोठारी
विधायक अशोक कोठारी ने श्रमदान में भाग लेने वाले सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी स्थान का उपयोग करने के बाद उसे स्वच्छ रखना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने यह भी बताया कि मेडिसिटी ग्राउंड पर चिकित्सा संस्थान का निर्माण शुरू होने तक इसे खेल मैदान के रूप में उपयोग में लेने के प्रयास किए जाएंगे।
भक्ति के इतिहास का श्रेय सेवा भाव को
श्रमदान के बाद मैदान में ही आयोजन समिति की मंथन बैठक आयोजित की गई, जिसमें कथा आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया गया।
विधायक कोठारी ने इस भव्य आयोजन की सफलता का श्रेय कार्यकर्ताओं की दिन-रात की मेहनत और समर्पण को दिया। उन्होंने कहा कि टीम भावना और सेवा के बल पर ही लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति वाला यह आयोजन सफल हो पाया।
कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी ने भी कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता ने अपने दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाते हुए आयोजन को सफलता के नए शिखर तक पहुंचाया।
बैठक में देवालाल गुर्जर, सत्यनारायण गुगड़, बाबूलाल टांक सहित कई सदस्यों ने विचार व्यक्त करते हुए टीम वर्क और नेतृत्व की सराहना की। संचालन पंडित अशोक व्यास ने किया। इस अवसर पर महासचिव कन्हैयालाल स्वर्णकार, सचिव रामेश्वरलाल ईनाणी, महिला प्रमुख मंजू पोखरना, हनुमानप्रसाद अग्रवाल, रामलाल योगी सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।


