अब दिल्ली- मुंबई हाईवे पर मिलेगा होटल जैसा आराम, एक्सप्रेसवे पर बन रहे लग्जरी रेस्ट एरिया
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन) सरकार का लक्ष्य है कि भारत के एक्सप्रेसवे अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस हों, ताकि यात्रा सिर्फ तेज ही नहीं बल्कि आरामदायक और सुखद भी बने।
लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र से होकर निकल रहे दिल्ली मुंबई नेशनल हाईवे सहित आधुनिक एक्सप्रेसवे अब सिर्फ तेज रफ्तार सफर तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि यात्रियों को लग्जरी और सुविधा से भरपूर अनुभव भी देंगे।
एक्सप्रेसवे और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे जैसे हाईवे पर ‘वे-साइड एमिनिटीज’यानी खास रेस्ट एरिया विकसित किए जा रहे हैं, जहां राजगढ़- लक्ष्मणगढ़ विधानसभा क्षेत्र के पिनान में यात्री सफर के दौरान आराम से रुक सकेंगे।
क्या हैं वे-साइड एमिनिटीज ये एक्सप्रेसवे के किनारे बने ऐसे ‘विश्राम स्थल’ हैं, जहां एक ही छत के नीचे वे तमाम सुविधाएं मिलेंगी जो अब तक केवल विकसित देशों में देखी जाती थीं। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) अब यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता दे रहे हैं।
साफ-सुथरे टॉयलेट और स्वच्छता का नया मानक अक्सर लंबी यात्रा के दौरान सबसे बड़ी चिंता साफ शौचालय की होती है। एक्सप्रेसवे पर बन रहे इन रेस्ट एरिया में अब ‘होटल जैसे’ साफ-सुथरे टॉयलेट्स और वॉशरूम की सुविधा मिल रही है। महिलाओं और बुजुर्गों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इन्हें विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। नियमित सफाई और आधुनिक फिटिंग्स के साथ ये टॉयलेट यात्रियों की सबसे बड़ी परेशानी का अंत कर रहे हैं।
बेहतरीन रेस्टोरेंट और डाइनिंग का विकल्प अब सफर में बासी खाने या असुरक्षित सड़क किनारे के ढाबों पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर देश के नामी फूड ब्रांड्स और बेहतरीन रेस्टोरेंट्स अपने आउटलेट खोल रहे हैं। यहां उत्तर भारतीय से लेकर दक्षिण भारतीय और कॉन्टिनेंटल फूड तक सब कुछ उपलब्ध होगा। परिवार के साथ बैठकर सुकून से भोजन करने के लिए यहां शानदार डाइनिंग स्पेस बनाए गए हैं।
थकान मिटाने के लिए सुरक्षित रेस्ट एरिया लंबी ड्राइविंग के दौरान थकान दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण बनती है। इन एमिनिटीज में यात्रियों के आराम करने के लिए ‘स्टे जोन’ और बच्चों के लिए ‘प्ले एरिया’ भी विकसित किए जा रहे हैं। यहां पर्याप्त पार्किंग स्पेस, सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा गार्ड्स की मौजूदगी इसे रात के सफर में भी पूरी तरह सुरक्षित बनाती है।
दूसरी आधुनिक सुविधाएं सिर्फ खाना और टॉयलेट ही नहीं, इन सुविधाओं में फ्यूल स्टेशन और EV चार्जिंग पॉइंट्स: गाड़ी के लिए पेट्रोल/डीजल के साथ-साथ इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग की सुविधा ,
ट्रॉमा सेंटर और फर्स्ट एड: किसी भी इमरजेंसी स्थिति के लिए मेडिकल सपोर्ट.
लोकल मार्केट्स: स्थानीय हस्तशिल्प और उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए छोटी दुकानें भी उपलब्ध रहेगी।


