राजमार्ग किनारे निर्माणों का होगा सर्वे, पालिका ने गठित की टीम
तखतगढ़ (बरकत खान) माननीय उच्चतम न्यायालय एवं राजस्थान उच्च न्यायालय के निर्देशों की पालना में राष्ट्रीय राजमार्गों के आसपास हुए निर्माणों और संभावित अतिक्रमणों की पहचान के लिए नगर पालिका तखतगढ़ ने सर्वे टीम का गठन किया है। यह कार्रवाई फलोदी दुर्घटना बनाम भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण प्रकरण में न्यायालय द्वारा दिए गए निर्देशों के तहत की जा रही है।
नगर पालिका अधिशासी अधिकारी मगराज चौधरी द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिला कलक्टर पाली की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में राजमार्ग सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे। इसके बाद पालिका स्तर पर पांच सदस्यीय टीम गठित की गई है।
गठित टीम में सहायक प्रशासनिक अधिकारी रतनलाल सांखला को प्रभारी तथा कनिष्ठ अभियंता आकाश कुमार को सह-प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा सफाई निरीक्षक मुकेश कुमार, सहायक कर्मचारी रमेश नाथ एवं सफाई कर्मचारी चतराराम मीणा को सदस्य नियुक्त किया गया है।
पालिका द्वारा गठित टीम को निर्देश दिए गए हैं कि वे पांच दिनों के भीतर नगर पालिका क्षेत्र से गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग-325 के आसपास 75 मीटर की सीमा में आने वाले सभी पक्के निर्माणों का सर्वे कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सर्वे कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय राजमार्गों पर अनाधिकृत कब्जों की पहचान, सूचना संकलन एवं हटाने के लिए पूर्व में मानक संचालन प्रक्रिया भी जारी की जा चुकी है।


