राजगढ़ थाना परिसर में मचा हड़कंप: मेस के पास निकला 8 फीट लंबा सांप, जुगनू तंबोली ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता)। राजगढ़ पुलिस थाना परिसर में रविवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल हो गया, जब थाना परिसर स्थित पुलिस मेस के पास एक विशालकाय सांप दिखाई दिया। करीब 8 फीट लंबे सांप को देखकर वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और आमजन में हड़कंप मच गया।
सांप मेस के समीप काफी देर तक विचरण करता रहा, जिससे परिसर में दहशत फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी राजेश मीणा ने तुरंत इसकी सूचना नगरपालिका कर्मचारी एवं अनुभवी रेस्क्यू विशेषज्ञ जुगनू तंबोली को दी। सूचना मिलते ही जुगनू तंबोली अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। काफी देर की कड़ी मशक्कत और सावधानीपूर्वक किए गए ऑपरेशन के बाद टीम ने विशालकाय सांप को सुरक्षित पकड़ लिया।
रेस्क्यू के पश्चात सांप को आबादी क्षेत्र से दूर सुरक्षित जंगल में ले जाकर छोड़ दिया गया। सांप के पकड़े जाने के बाद ही थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। रेस्क्यू टीम की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ की थाना स्टाफ एवं स्थानीय लोगों द्वारा काफी सराहना की जा रही है।


