सरकारी विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने एवं विभागीय लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति के दिए निर्देश
भरतपुर / कोश्लेंद्र दत्तात्रेय , 29 मई। जिला निष्पादन समिति की बैठक अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिले के समस्त जिला स्तरीय एवं ब्लॉक स्तरीय शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं, अभियानों एवं विभागीय कार्यों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
अतिरिक्त कलक्टर ने सभी अधिकारियों कोे राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु गंभीरतापूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों को अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिनका लाभ प्रत्येक पात्र विद्यार्थी तक पहुंचना सुनिश्चित करें।
जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय माध्यमिक सुरेंद्र गोपालिया ने नामांकन प्रवेश उत्सव अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि गत शैक्षणिक सत्र की तुलना में इस वर्ष जिले के राजकीय विद्यालयों में नामांकन अपेक्षाकृत कम है, जिसे बढ़ाने के लिए सभी अधिकारियों एवं विद्यालय स्तर पर विशेष प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी एवं शिक्षक को संपर्क एवं प्रेरणात्मक गतिविधियों के माध्यम से अधिकाधिक विद्यार्थियों को सरकारी विद्यालयों से जोड़ना होगा।
उन्होंने जिले में संचालित विभिन्न सिविल निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को निर्माण कार्यों की समयबद्ध गुणवत्ता पूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बोर्ड परीक्षा परिणामों की समीक्षा करते हुए शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार पर विशेष जोर दिया गया। सहायक परियोजना समन्वयक अशोक गुप्ता ने पीएमश्री विद्यालयों में संचालित ग्रीष्मकालीन अभिरुचि शिविरों की गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने जिला एवं ब्लॉक स्तरीय रैंकिंग की समीक्षा करते हुए विद्यालयों में नवाचार आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने पर बल दिया।
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अतुल चतुर्वेदी ने विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए सभी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने अधीनस्थ विद्यालयों को विभागीय लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए पूर्ण रूप से पाबंद करें। उन्होंने कहा कि विभागीय लक्ष्यों को समय पर पूर्ण करना प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी का पदीय दायित्व है। उन्होंने राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी “आपणी लाडो योजना” की प्रगति बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी पात्र बालिका योजना के लाभ से वंचित नहीं रहनी चाहिए। इसके लिए विद्यालय स्तर पर जागरूकता एवं सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। बैठक में मिड डे मील योजना एवं बाल गोपाल योजना के बारे में अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार शर्मा नंे जानकारी दी। बैठक में डाइट प्रधानाचार्य नीलमणि चौधरी, सहायक परियोजना समन्वयक संजय कुमार शर्मा, जिले के समस्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी एवं सभी पीएमश्री विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।


