स्वतंत्रता सेनानी को नमन: विधायक राजेंद्र मीणा और बाबा बालकदास महाराज की मौजूदगी में स्व. छुट्टन लाल मीणा की प्रतिमा का हुआ अनावरण
स्व. कप्तान छुट्टन लाल मीणा की प्रतिमा का अनावरण, कन्हैया दंगल के माध्यम से विधायक ने दिया भाईचारे का संदेश
महुवा (पत्रकार अवधेश अवस्थी)। महुवा-बांदीकुई विधानसभा क्षेत्र के मध्य स्थित ग्राम निहालपुरा में रविवार को प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी एवं समाजसेवी स्वर्गीय कप्तान छुट्टन लाल मीणा जी की आदमकद प्रतिमा का भव्य अनावरण एवं विशाल कन्हैया दंगल कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस गरिमामयी समारोह में महुवा विधायक राजेंद्र मीणा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
बाबा बालकदास महाराज और अतिथियों ने किया अनावरण कार्यक्रम का शुभारंभ परम पूज्य बाबा बालकदास जी महाराज, विधायक राजेंद्र मीणा, स्व. कप्तान साहब के परिजनों और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रतिमा का अनावरण कर किया गया। इस अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक राजेंद्र मीणा ने कहा कि स्व. कप्तान छुट्टन लाल मीणा जी की यह प्रतिमा समाज और राष्ट्र के लिए उनके संघर्ष एवं समर्पण की अमर प्रेरणा बनेगी, जो आने वाली पीढ़ियों का सदैव मार्गदर्शन करती रहेगी।
'पद दंगल से बढ़ता है आपसी सौहार्द और भाईचारा' समारोह के दौरान आयोजित विशाल कन्हैया दंगल में प्रतिभागी गायकों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए विधायक ने कहा कि पद दंगल जैसे आयोजन हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखते हैं। इनसे न केवल नई पीढ़ी अपनी जड़ों और संस्कृति को पहचानती है, बल्कि समाज में आपसी प्रेम और भाईचारा भी मजबूत होता है।
ग्रामवासियों ने किया आत्मीय स्वागत निहालपुरा के पंच-पटेलों एवं ग्रामीणों द्वारा विधायक राजेंद्र मीणा व अन्य अतिथियों का साफा एवं माला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया, जिस पर विधायक ने सभी का हृदय से आभार जताया।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद इस अवसर पर भारतीय सेना के मेजर आर. डी. मीणा, जिला परिषद सदस्य पप्पू झूथाहेड़ा, समाजसेवी केदार मीणा सहित कई क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, पंच-पटेल, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में मातृशक्ति और आमजन उपस्थित रहे।

