वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत सेवर में हुआ पीपल पूजन, पौधरोपण एवं श्रमदान
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी "वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान 2026" के अंतर्गत रविवार को पंचायत समिति सेवर की ग्राम पंचायत बांसीखुर्द स्थित कदम्बखण्डी वाली पोखर बांसीकला पर ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ सेवर के ब्लॉक विकास अधिकारी विनय मित्र ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया।
कार्यक्रम की शुरुआत कलश पूजन एवं पीपल पूजन से हुई, जिसके पश्चात दीपदान कर जल एवं प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर पीपल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का पौधरोपण किया गया तथा उपस्थित ग्रामीणों एवं आमजन को पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक कलश यात्रा का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अतिरिक्त विकास अधिकारी विजयपाल सिंह की उपस्थिति में आयोजित श्रमदान कार्यक्रम में पंचायत समिति सेवर के कार्मिकों, पुलिस ट्रेनिंग सेंटर के अधिकारियों एवं प्रशिक्षुओं, आरएसी बटालियन के जवानों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों तथा ग्रामीणजनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने मिलकर पोखर क्षेत्र में लगे पेड़-पौधों की निराई-गुड़ाई की, नए पौधे रोपे तथा पोखर के आसपास फैले कचरे एवं गंदगी को हटाकर व्यापक सफाई अभियान चलाया। कार्यक्रम के माध्यम से जल स्रोतों के संरक्षण, हरित पर्यावरण के संवर्धन तथा सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है तथा जनभागीदारी से ही इन उद्देश्यों को सफल बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर जिला महामंत्री भगवानदास शर्मा, मंडल अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह बसुआ, मंडल अध्यक्ष चिकसाना भोलू उर्फ प्रकाश सुनारी, देवेन्द्र सिंह, अरविन्द कुमार पीटीआई, राजेन्द्र कटारा पीटीआई, रामअवतार पीटीआई, सहायक कृषि अधिकारी कपूर मीना, सहायक अभियंता विशाखा शर्मा, कनिष्ठ सहायक रविन्द्र चौधरी, ग्राम विकास अधिकारी कर्नल सिंह मीणा सहित ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


