सोमवती अमावस्या पर पूर्वांचल जन चेतना समिति ने की गौ-सेवा और अन्नदान
गुरला (बद्री लाल माली)। भारतीय संस्कृति एवं सनातन धर्म में विशेष स्थान रखने वाले पावन पर्व सोमवती अमावस्या के अवसर पर क्षेत्र में विभिन्न धार्मिक आयोजन हुए। इसी कड़ी में पूर्वांचल जन चेतना समिति (चैरिटेबल ट्रस्ट) द्वारा रामधाम स्थित गौशाला में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन कर गौ-सेवा एवं अन्नदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के सदस्यों ने गौशाला पहुंचकर मूक पशुधन को ताजा हरा चारा खिलाया और उनकी देखरेख की। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि गायें हमारे जीवन और सनातन संस्कृति का अभिन्न हिस्सा हैं, जिनकी सेवा करना हर नागरिक का परम कर्तव्य है।
अनुराधा झा के नेतृत्व में आयोजित इस सेवा कार्य में ट्रस्ट के सक्रिय सदस्य पूनम झा, शिल्पी सिंह, सुनील और मीना देवी झा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान सदस्यों ने अमावस्या के धार्मिक व आध्यात्मिक महत्व पर विस्तृत चर्चा की। अनुराधा झा ने बताया कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ना है। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने समाज में गौ-संरक्षण की अलख जगाने और पवित्र पशुओं के प्रति प्रेम व सम्मान का रिश्ता बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।


