अनुशासन ही सफलता की सीढ़ी, कौशल विकास से भविष्य होगा उज्ज्वल: शर्मा
झुंझुनू (सुमेरसिंह राव) राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड एवं शिक्षा विभाग, झुंझुनू के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय स्काउट गाइड ग्रीष्मकालीन अभिरुचि कला कौशल प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन समारोह स्काउट गाइड कार्यालय परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला मुख्य आयुक्त अशोक कुमार शर्मा थे, जबकि अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष विनोद सिंघानिया ने की। समारोह में सी.ए. मनीष अग्रवाल एवं स्काउट उपाध्यक्ष प्रमोद सैनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
सी.ओ. स्काउट महेश कालावत ने बताया कि बीती 18 मई से संचालित इस शिविर में छात्र-छात्राओं, युवाओं और महिलाओं को दक्ष प्रशिक्षकों द्वारा मेहंदी, ब्यूटी पार्लर, सिलाई, आर्ट एंड क्राफ्ट, वाद्य यंत्र, गीत-संगीत, नृत्य, पेंटिंग और स्पोकन इंग्लिश का बेहतरीन प्रशिक्षण दिया गया। समापन के अवसर पर सभी संभागियों को कार्य दक्षता प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे संभागियों के चेहरे खिल उठे।
- हुनर से आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनें युवा: मुख्य अतिथि
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अशोक कुमार शर्मा ने कहा कि अनुशासन ही सफलता की पहली सीढ़ी है। स्काउट गाइड संगठन रचनात्मक कार्यों के जरिए बालक-बालिकाओं और महिलाओं में सामाजिक, नैतिक, चारित्रिक और शारीरिक गुणों का विकास कर उन्हें देश का सुयोग्य नागरिक बनाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शिविर में सीखे गए हुनर से सभी संभागी भविष्य में आर्थिक रूप से सुदृढ़ और आत्मनिर्भर बनेंगे।
- सिंगल यूज प्लास्टिक के बहिष्कार का आह्वान
विशिष्ट अतिथि सी.ए. मनीष अग्रवाल ने कहा कि स्काउट गाइड संगठन समाज में संस्कारों का बीजारोपण करने वाला अग्रणी संगठन है। उन्होंने यहां सीखी गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर अग्रवाल ने स्काउट संगठन को 21 थाली, 21 चम्मच, 21 गिलास एवं 3 जग (स्टील के बर्तन) भेंट करते हुए सभी से दैनिक जीवन में 'सिंगल यूज प्लास्टिक' का उपयोग पूरी तरह बंद करने का आह्वान किया। वहीं कार्यक्रम के अध्यक्ष विनोद सिंघानिया ने संगठन के निस्वार्थ कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
शिविर के सफल संचालन के लिए मुख्य प्रशिक्षकों राम सिंह कुल्हरी, रामचंद्र मीणा, समदर लाल सैनी, मुकेश कुमार, पिंकी धायल, विजेता नेहरा, सुनीता बेनीवाल, सरिता कुलहरी, अंजू सैनी, रेणु सैनी, सुमित्रा सैनी, राज किरण, पूजा कुमारी, सिमोना झुनझुनवाला और राजेंद्र कुमार का आभार जताया गया।
इस दौरान स्काउट संगठन के कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश डिग्रवाल, विजेन्द्र कुमार, राष्ट्रपति स्काउट उमेश रोहिल्ला, सुरेंद्र किरोड़ीवाल, सुनील कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में शिविरार्थी, रोवर्स, रेंजर्स और स्काउट गाइड उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन राम सिंह कुलहरी ने किया।


