गोविंदगढ़ में शहरी सेवा शिविर का पहला चरण शुरू:15 जुलाई तक होगा समस्याओं का त्वरित समाधान
गोविंदगढ़ (अलवर) राजस्थान सरकार की पहल पर 'शहरी सेवा शिविर-2026' का प्रथम चरण गोविंदगढ़ नगरपालिका क्षेत्र में शुरू हो गया है। इन शिविरों का उद्देश्य शहरी नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ उनके घर के पास उपलब्ध कराना और लंबित समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। ये अभियान 12 जून से 15 जुलाई 2026 तक चलेगा।
इसी क्रम में, गोविंदगढ़ नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 2 के लिए गांधी पार्क स्थित नगर पालिका भवन परिसर में एक शिविर का आयोजन किया गया। ये शिविर रोजाना सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा।
इस अभियान के तहत शहर को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने के लिए बड़े पैमाने पर साफ-सफाई, सीसी/डामर सड़कों की मरम्मत और पैच वर्क जैसे कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही, स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने और अंधेरी सड़कों पर नई लाइटें लगाने का काम भी तेजी से जारी है।
इसके अलावा, जन्म-मृत्यु/विवाह पंजीकरण, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र, भवन निर्माण स्वीकृति, फायर एनओसी, ट्रेड व साइनेज लाइसेंस जैसे प्रमाण पत्र व स्वीकृतियां भी जारी की जा रही हैं। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत अटल पेंशन योजना, वृद्धावस्था, विधवा एवं विकलांग पेंशन के नए आवेदन और पीएम स्वनिधि योजना के तहत रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को ऋण वितरण भी किया जा रहा है। शिविर को सफल बनाने और आम जनता को अधिकतम राहत प्रदान करने के लिए 'शहरी सेवा शिविर-2026' के तहत घोषित सभी प्रकार की छूट और शिथिलताएं यथावत लागू रहेंगी।
शिविर के दौरान प्रशासनिक अधिकारी सक्रिय दिखे। अधिशासी अधिकारी जगदीश खिचड़ और नगर पालिका कनिष्ठ अभियंता नवीन दुआ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और नगर पालिका का स्टाफ मौजूद रहा। उन्होंने आम जनता की समस्याओं को सुना और आवेदनों का मौके पर ही निस्तारण कर राहत प्रदान की। नगर पालिका प्रशासन ने वार्डवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस शिविर का लाभ उठाएं।


