तखतगढ़ पालिका शिविर में बरसी राहत: 15 मिनट में मिला मैरिज सर्टिफिकेट; भवन में पट्टे, नामांतरण और प्रमाण पत्र पाकर खिले आमजन के चेहरे
तखतगढ़ (पाली/बरकत खान)। राज्य सरकार के निर्देशानुसार नगर पालिका कार्यालय के सभा भवन में आयोजित किए जा रहे 'शहरी सेवा शिविर 2026' (12 जून से 15 जुलाई) के तहत सोमवार को आमजन की समस्याओं का मौके पर ही त्वरित निस्तारण किया गया। शिविर में एक ही छत के नीचे पट्टों से लेकर विभिन्न प्रमाण पत्र जारी कर पालिका प्रशासन ने आम जनता को बड़ी राहत पहुंचाई।
अधिशासी अधिकारी (EO) मगराज चौधरी ने बताया कि सोमवार को शिविर के दौरान:
- कृषि भूमि नियमन का 01 और धारा 69-क के तहत 02 पट्टे वितरित किए गए।
- नामांतरण (म्यूटेशन) का 01 प्रकरण और भूखंडों के विभाजन व पुनर्गठन का 01 मामला मौके पर निपटाया गया।
- भवन निर्माण स्वीकृति का 01 प्रकरण तय करने के साथ ही आमजन की सुविधा के लिए 08 जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और 02 विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र भी जारी किए गए।
1. दफ्तरों के चक्करों से मिली मुक्ति; आवेदन के 15वें मिनट में दूल्हा-दुल्हन के हाथ में था मैरिज सर्टिफिकेट
सैनिक कॉलोनी निवासी राणाराम देवासी (वर) व जशोदा देवासी (वधू) ने अपने विवाह का पंजीकरण करवाने के लिए सोमवार को शिविर में आवेदन किया था। आम तौर पर सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने वाले इस काम को पालिका प्रशासन ने बेहद सुगम बना दिया। अधिशासी अधिकारी मगराज चौधरी ने बताया कि नवदम्पत्ति के आवेदन पर पालिका की टीम ने त्वरित एक्शन लिया और महज 15 मिनट में विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र तैयार कर उनके हाथों में सौंप दिया। इतनी तेज कार्यप्रणाली देखकर नवदम्पत्ति ने राज्य सरकार और पालिका प्रशासन की जमकर तारीफ की।
- पीएम स्वनिधि योजना: कैलाश सैन को रोजगार के लिए 24 घंटे में स्वीकृत हुआ 15 हजार का ऋण
शिविर के प्रथम दिन सैनिक कॉलोनी निवासी कैलाश कुमार पुत्र डायाराम सैन ने अपने व्यवसाय को गति देने के लिए 'प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना' के तहत प्रथम किस्त के ऋण हेतु आवेदन किया था। शिविर में संचालित पीएम स्वनिधि लोक कल्याण मेले के तहत पालिका ने तत्परता दिखाई और 24 घंटे के भीतर 15,000 रुपये का ऋण स्वीकृत कर दिया। त्वरित राहत मिलने पर लाभार्थी कैलाश कुमार ने मुख्यमंत्री और नगर पालिका का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस राशि से उन्हें अपने काम में बड़ी मदद मिलेगी।
इस मौके पर नगर निगम के निवर्तमान उपाध्यक्ष एडवोकेट मनोज नामा, भाजपा मंडल अध्यक्ष पारस उर्फ रमेश कुमार घाची, निवर्तमान पार्षद एडवोकेट राजेश कुमार कुमावत, सुरेश कुमार सहित कई अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


