सात माह में ही जहाजपुर के पहले सहायक कलेक्टर का तबादला, चर्चाओं का दौर तेज
जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) राजस्थान सरकार ने राज्यभर में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 178 आरएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। राजस्थान संयुक्त शासन सचिव डॉ. धीरज कुमार सिंह द्वारा जारी आदेशों में जहाजपुर के सहायक कलेक्टर दीपक सांखला का तबादला सहायक निदेशक, लोक सेवाएं, प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग, पाली के पद पर किया गया है।
गौरतलब है कि 20 नवंबर 2025 को दीपक सांखला ने जहाजपुर के पहले सहायक कलेक्टर के रूप में पदभार ग्रहण किया था। इससे पूर्व भी सहायक कलेक्टर की नियुक्ति की गई थी, लेकिन संबंधित अधिकारी ने पदभार ग्रहण नहीं किया था। ऐसे में सांखला जहाजपुर में नियमित रूप से कार्यभार संभालने वाले पहले सहायक कलेक्टर बने थे।
पदभार ग्रहण करने के करीब सात माह बाद ही उनका तबादला होने से क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हाल ही में जहाजपुर बार एसोसिएशन ने राजस्व मामलों में दिए गए कुछ निर्णयों को लेकर उनकी शिकायत जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू एवं विधायक गोपीचंद मीणा से की थी। इस मुद्दे को लेकर अधिवक्ताओं ने कई दिनों तक कार्य बहिष्कार भी किया था। ऐसे में उनके तबादले को इस घटनाक्रम से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
हालांकि सहायक कलेक्टर दीपक सांखला ने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि वे पिछले कुछ महीनों से स्वयं पाली स्थानांतरण के प्रयास में थे, क्योंकि उनका परिवार वहीं निवास करता है। उनके अनुसार पारिवारिक कारणों से पाली जाना उनकी प्राथमिकता थी।
उल्लेखनीय है कि जहाजपुर उपखंड कार्यालय में उपखंड अधिकारी (एसडीएम) और सहायक कलेक्टर के दो प्रशासनिक पद स्वीकृत हैं। पहली बार सहायक कलेक्टर पद पर नियमित रूप से अधिकारी के कार्यभार संभालने के बाद अब उनके स्थानांतरण से यह पद पुनः रिक्त हो गया है। फिलहाल सरकार की ओर से उनके स्थान पर किसी अन्य अधिकारी की नियुक्ति नहीं की गई है।


