गढ़ी मामोड़ में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित, मौके पर ही बांटे पेंशन प्रमाण पत्र और दिव्यांग पास
नारायणपुर (भारत कुमार शर्मा)। उपखंड क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम गढ़ी मामोड़ में बीते दिनों 'ग्रामीण सेवा शिविर' का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर के माध्यम से बड़ी संख्या में ग्रामीण लाभान्वित हुए। शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को एक ही छत के नीचे विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनकी समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करना था।
- मौके पर मिली राहत, खिले ग्रामीणों के चेहरे
शिविर में कई ऐसे बुजुर्ग और असहाय लोग पहुंचे, जिनकी पेंशन लंबे समय से अटकी हुई थी। अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न केवल वर्षों से अटकी हुई पेंशन बहाल की, बल्कि नई पेंशन भी चालू की। मौके पर ही पालनहार पेंशन के प्रमाण पत्र वितरित किए गए, जिससे लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे। इसके अलावा, दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए मौके पर ही रोडवेज पास बनाकर सौंपे गए। शिविर में खाद्य सुरक्षा योजना के तहत केवाईसी (KYC) कार्य भी प्राथमिकता से किए गए।
- प्रशासनिक अमला रहा मुस्तैद
ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए उपखंड स्तर के आला अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों की टीम मौके पर मौजूद रही। शिविर में मुख्य रूप से एसडीएम दिनेश शर्मा, तहसीलदार अनिल कुमार, विद्युत विभाग से डीके कोली, जलदाय विभाग से सुशीला सैनी, आयुर्वेद चिकित्सा विभाग से संगीता यादव, चिकित्सा विभाग से चेतन सैनी, एएनएम संतरा सहित आशा सहयोगिनी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
- पर्यावरण बचाने का दिया संदेश
शिविर के दौरान वन विभाग से आए निरंजन शर्मा ने ग्रामीणों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने धरती को हरा-भरा बनाने और आने वाली पीढ़ी के सुरक्षित भविष्य के लिए अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश दिया। ग्रामीणों ने इस प्रकार के शिविरों के आयोजन को बेहद मददगार बताते हुए प्रशासन का आभार व्यक्त किया।


