'सृजक' की प्याऊ पर निर्जला एकादशी पर राहगीरों को पिलाया शीतल शरबत
अलवर, (कमलेश जैन) अलवर की प्रतिष्ठित सामाजिक एवं साहित्यिक संस्था 'सृजक' द्वारा निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर एक पुनीत सेवा कार्य का आयोजन किया गया। संस्था द्वारा भारत सिनेमा के सामने, रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे संचालित प्याऊ पर भीषण गर्मी को देखते हुए सैंकड़ों राहगीरों को रोककर अपने हाथों से शीतल व तृप्तिदायक शरबत पिलाया गया।
- गणमान्य नागरिकों ने निभाई सेवा की अनुकरणीय भूमिका
सृजक संस्थान के सचिव रामचरण 'राग' ने बताया कि इस सेवा कार्य में शहर के कई प्रबुद्धजनों और गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। संस्था के अध्यक्ष सरदार अमरीक सिंह 'अदब' और उपाध्यक्ष खेमेन्द्र सिंह चंद्रावत के नेतृत्व में पूरी टीम ने राहगीरों को शरबत वितरित किया।
इस अवसर पर श्रीमती रेणु मिश्रा, सहसचिव कुलदीप सिंह अहरोदिया, कार्यकारिणी सदस्य राज नारायण सैन, राधेश्याम शर्मा, गोविन्द गुप्ता, शिक्षाविद प्राचार्य राजेश मुखिजा, मंजू शर्मा, ब्रह्मदत्त शर्मा, हरि नारायण, विख्यात समाजसेवी अशोक आहूजा, बांसुरी वादक सुभाष नकड़ा, प्रणव सैनी, कवि सुरेश बिजारणियां, प्रशांत सैनी, रूपेश जैन, मधुबाला शर्मा, सुनीता सैनी एवं वीरेश यादव सहित अनेक समाजसेवियों ने इस आयोजन में अपनी अनुकरणीय सेवाएं दीं।
- 27 जुलाई तक मिलेगी शीतल जल की सुविधा
संस्था के उपाध्यक्ष खेमेन्द्र सिंह चंद्रावत ने आगामी रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि हर वर्ष की भाँति इस वर्ष भी सृजक संस्थान की यह प्याऊ आगामी 27 जुलाई (प्रसिद्ध जगन्नाथ मेले की समाप्ति तक) अनवरत संचालित की जाएगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस अवधि के दौरान आने वाले विभिन्न विशेष और पावन अवसरों पर राहगीरों के लिए इसी तरह शरबत की विशेष छबीलें लगाई जाएंगी।


