अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 17 जुलाई को होगा खैरथल रेलवे स्टेशन का लोकार्पण
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित एवं आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित खैरथल रेलवे स्टेशन का लोकार्पण 17 जुलाई को होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर के विभिन्न अमृत भारत स्टेशनों के साथ खैरथल रेलवे स्टेशन का भी उद्घाटन करेंगे।
खैरथल रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा अलवर सांसद भूपेंद्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष महासिंह चौधरी, सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान, जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, व्यापारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
लोकार्पण समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए बुधवार को महावर भवन, खैरथल में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव ने किशनगढ़बास, कोटकासिम, हरसोली, मोटूका और खैरथल मंडलों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं एवं व्यापारियों के साथ कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की।
बैठक के बाद पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव ने खैरथल रेलवे स्टेशन पहुंचकर लोकार्पण समारोह की तैयारियों का निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष महासिंह चौधरी, सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष शर्मा, पूर्व चेयरमैन अशोक डाटा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्षद, व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


