सड़क दुर्घटना: कार की टक्कर से टेंपो ड्राइवर और सवारी की मौत:दोनों ने मौके पर ही तोड़ा दम
मंडावा (झुंझुनूं)।
मंडावा थाना क्षेत्र अंतर्गत वाहिदपुरा पुलिया के पास एक निजी स्कूल के सामने दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने आगे चल रहे टेंपो को पीछे से भीषण टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में टेंपो सवार दो लोगों की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई, जिन्हें अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार लुमास निवासी अजीत सिंह पुत्र गजू सिंह राजपूत ने बताया कि उनके चाचा महावीर सिंह (पुत्र चिमनसिंह राजपूत) तथा सुरेंद्र कुमार (पुत्र मेघाराम जाट) टेंपो में सवार होकर अपने गांव से मंडावा की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनका टेंपो वाहिदपुरा पुलिया के पास स्थित निजी स्कूल के सामने पहुंचा, पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मंडावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी चंद्रभान ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार कार चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

