एक नज़र जोधपुर: नशा मुक्ति का संकल्प, चिकित्सा संगोष्ठी और फ्रेंडशिप डे पर 'गो ग्रीन' अभियान का आगाज़
जेएनवीयू में नशा मुक्ति शिविर, डॉ. एस.एन. मेडिकल कॉलेज में राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस और 1500 पौधों का रोपण
जोधपुर। शहर में रविवार को शैक्षणिक, चिकित्सीय और सामाजिक स्तर पर कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिनमें युवाओं को दिशा देने, चिकित्सा ज्ञान को साझा करने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
जेएनवीयू में 'नशा मुक्त युवा-विकसित भारत' शिविर
जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय (जेएनवीयू) के केंद्रीय कार्यालय स्थित बृहस्पति भवन में 'नई किरण नशा मुक्ति केंद्र' एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में 'नशा मुक्त युवा-विकसित भारत' विषय पर एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वक्ताओं ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगाने के लिए प्रेरित किया।
घुटने की आर्थ्रोस्कोपी पर राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस
उधर, डॉ. एस.एन. मेडिकल कॉलेज के अस्थि रोग विभाग द्वारा IAS–JOPP के तत्वावधान में घुटने की आर्थ्रोस्कोपी (Knee Arthroscopy) विषय पर राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस सह-कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान देशभर से आए विषय विशेषज्ञों ने अत्याधुनिक तकनीकों, नए शोध और जटिल सर्जरी के अनुभवों को युवा डॉक्टरों के साथ साझा किया।
फ्रेंडशिप डे पर 1500 पौधे रोपकर दिया 'गो ग्रीन' का संदेश
सामाजिक सरोकार निभाते हुए फ्रेंडशिप डे के अवसर पर 'जोधपुर राउंड टेबल 273' ने पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल की। संस्था ने 'गो ग्रीन' अभियान के तहत एक ही दिन में 1500 पौधे लगाए और शहरवासियों से पर्यावरण को हरा-भरा बनाए रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

