जहाजपुर को कल मिलेगी 7.61 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, कैबिनेट मंत्री खराड़ी करेंगे लोकार्पण
जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब)। राजस्थान सरकार के जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी बुधवार, 5 अगस्त को जहाजपुर के एक दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। अपने इस दौरे के दौरान वे क्षेत्रवासियों को लगभग 7.61 करोड़ रुपये की लागत से बने दो बड़े विकास कार्यों की सौगात देंगे। मंत्री खराड़ी द्वारा निर्मित खेल स्टेडियम और नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालिका आवासीय छात्रावास के लोकार्पण को लेकर स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।
तय कार्यक्रम के अनुसार, कैबिनेट मंत्री दोपहर 2:15 बजे भगतों की झोपड़ियां रोड (बस स्टैंड के समीप) पहुंचेंगे, जहां वे डीएमएफटी (DMFT) फंड से लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नव्य खेल स्टेडियम का लोकार्पण करेंगे। इसके तत्पश्चात, दोपहर 3:00 बजे वे जालमपुरा चौराहा स्थित 'नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालिका आवासीय छात्रावास' (मॉडल स्कूल) भवन का उद्घाटन करेंगे, जिसका निर्माण करीब 4.61 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है।
क्षेत्रवासियों में उत्साह, विधायक ने जताया आभार इन दो बड़े प्रोजेक्ट्स के लोकार्पण को लेकर क्षेत्र के निवासियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय विधायक गोपीचंद मीणा ने कहा कि खेल स्टेडियम के बनने से क्षेत्र के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी, वहीं नए बालिका छात्रावास से बालिका शिक्षा को मजबूती मिलेगी। विधायक मीणा और स्थानीय नेताओं ने क्षेत्र की जनता से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

