नाकाबंदी तोड़ भागे तस्कर: 1500 किग्रा डोडा पोस्त के साथ फॉर्च्यूनर और दो स्कॉर्पियो जब्त, आरोपी फरार
तखतगढ़ (बरकत खा)। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नाना थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। बाली उपखंड के भीमाणा गांव के पास नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने तीन लग्जरी वाहनों से भारी मात्रा में करीब 1500 किलोग्राम (1.5 टन) डोडा पोस्त जब्त किया है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान वाहनों में सवार तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (बाली) चैन सिंह महेचा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई उदयपुर की तरफ से आ रहे संदिग्ध वाहनों पर की गई। पुलिस टीम ने जब भीमाणा के निकट नाकाबंदी कर वाहनों को रोकने का प्रयास किया, तो तस्कर गाड़ियां छोड़कर फरार हो गए। तलाशी लेने पर एक फॉर्च्यूनर और दो स्कॉर्पियो गाड़ियों से 1500 किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ, जिसे तुरंत जब्त कर लिया गया।
पुलिस टीम की मुस्तैदी से नाकाम हुई तस्करी यह पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चैन सिंह महेचा (बाली) एवं पुलिस उपअधीक्षक (डिप्टी) जितेंद्र सिंह (सुमेरपुर) के निर्देशन में अंजाम दी गई। कार्रवाई को सफल बनाने में नाना थानाधिकारी रतन सिंह देवड़ा, डीएनटी टीम प्रभारी राजेंद्र सिंह, लक्ष्मण सिंह, रामनिवास तथा पुलिस जाब्ते की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

