भरतपुर को एशियन डेवलपमेंट बैंक से विकास की सौगात: सीवरेज, ड्रेनेज और स्मार्ट ट्रांसपोर्ट पर खर्च होंगे 309 करोड़ रुपए
आरयूआईडीपी पंचम चरण: भरतपुर शहर में 309.87 करोड़ रुपये से होंगे आधुनिक विकास कार्य, कलेक्ट्रेट में आयोजित हुई संवाद कार्यशाला
भरतपुर राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के पंचम चरण के तहत भरतपुर शहर में बुनियादी सुविधाओं के कायाकल्प के लिए 309.87 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार की गई है। इन परियोजनाओं पर चर्चा और हितधारकों के सुझाव प्राप्त करने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अतिरिक्त जिला कलक्टर (सिटी) राहुल सैनी की अध्यक्षता में एक दिवसीय 'आरयूआईडीपी संवाद' कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पूर्व पार्षदों, प्रबुद्धजनों और मीडिया प्रतिनिधियों ने भाग लिया और योजना को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
एशियन डेवलपमेंट बैंक के वित्तपोषण से होंगे 5 बड़े कार्य अतिरिक्त जिला कलक्टर (सिटी) राहुल सैनी ने बताया कि पंचम चरण के तहत एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) के सहयोग से शहर में व्यापक विकास कार्य किए जाएंगे। बजट का आवंटन इस प्रकार रहेगा:
-
अपशिष्ट जल प्रबंधन एवं शोधित जल का पुनः उपयोग: 182.55 करोड़ रुपये
-
शहरी परिवहन एवं गतिशीलता समाधान: 71.45 करोड़ रुपये
-
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन: 25.26 करोड़ रुपये
-
कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, विरासत संरक्षण व पर्यटन विकास: 17.86 करोड़ रुपये
-
बाढ़ प्रबंधन एवं ड्रेनेज कार्य: 12.75 करोड़ रुपये
गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर एडीएम सिटी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों के दौरान आमजन को कम से कम असुविधा हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने सीवरेज कार्यों की चुनौतियों का जिक्र करते हुए पुराने अनुभवों से सीख लेकर गुणवत्तापूर्ण और व्यवस्थित कार्य सुनिश्चित करने की बात कही।
नगर निगम आयुक्त ने राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आरयूआईडीपी, नगर निगम और अन्य विभागों के बीच बेहतर समन्वय से इन महत्वाकांक्षी योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा। वहीं, आरयूआईडीपी के अधीक्षण अभियंता विनोद कुमार चौहान ने प्रेजेंटेशन के जरिए सभी प्रस्तावित कार्यों का ब्योरा दिया और तय समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने का भरोसा दिलाया। कार्यशाला में पूर्व पार्षद रूपेन्द्र सिंह, प्रेमपाल, किशनपाल, देवेन्द्र सिंह, दीपक मुद्गल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

