मिशन बेसहारा: सौंख गांव के अनाथ बच्चों की मदद को आगे आई कठूमर की सर्व समाज हेल्प टीम
कठूमर (दिनेश लेखी) मानवता और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए सब समाज हेल्प टीम कठूमर द्वारा सौंख गांव के एक बेसहारा परिवार की सहायता के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से आर्थिक सहयोग अभियान “मिशन बेसहारा” शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत जरूरतमंद परिवार के लिए एक विशेष ग्रुप बनाकर समाज के लोगों से मदद की अपील की जा रही है।
सर्व समाज हेल्प टीम के अध्यक्ष महेंद्र सिंह मसारी ने जानकारी देते हुए बताया कि सौंख गांव का यह परिवार बेहद दुखद परिस्थितियों से गुजर रहा है। परिवार में पहले दादी, दादा, माता-पिता और 6 बच्चे रहते थे, जिनमें चार बेटियां और दो बेटे शामिल थे। लेकिन बीमारी के चलते पहले बच्चों के पिता का निधन हो गया, इसके बाद उनकी माता भी इस दुनिया से चली गईं। कुछ समय बाद दादाजी का भी देहांत हो गया।
वर्तमान में इस परिवार में केवल एक वृद्ध दादी मां और चार छोटे-छोटे बच्चे ही बचे हैं, जो पूरी तरह असहाय और आश्रित हैं। बच्चों के पिता ने अपने जीवनकाल में दो बेटियों की शादी कर दी थी, जबकि शेष दो बेटियां और दो छोटे बेटे अब दादी के सहारे जीवन यापन कर रहे हैं।
सर्व समाज हेल्प टीम के सदस्यों ने बताया कि इस परिवार की स्थिति बेहद दयनीय है और उन्हें तत्काल आर्थिक सहयोग की आवश्यकता है। दादी मां अपने पोते-पोतियों के भविष्य को लेकर चिंतित रहती हैं और हर दिन उनके बेहतर जीवन की उम्मीद में संघर्ष कर रही हैं।
टीम द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे इस नेक कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग करें। सहयोग राशि 10, 20, 50, 100, 200, 500, 1000 रुपये या उससे अधिक भी दी जा सकती है। टीम का कहना है कि “बूंद-बूंद से घड़ा भरता है” और हर छोटा सहयोग इस परिवार के लिए नई उम्मीद की किरण बन सकता है।
अभियान से जुड़े सदस्यों ने समाज के सभी वर्गों से तन, मन और धन से सहयोग करने का आग्रह किया है, ताकि इस बेसहारा परिवार को सहारा मिल सके और बच्चों का भविष्य सुरक्षित किया जा सके।


