लक्ष्मणगढ़ में ब्लॉक स्तरीय बाल संरक्षण समिति का एक दिवसीय क्षमता वर्धन प्रशिक्षण हुआ आयोजित
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन) शिव शिक्षा समिति, रानोली द्वारा कवच परियोजना के अंतर्गत ब्लॉक स्तरीय बाल संरक्षण समिति, लक्ष्मणगढ़ का एक दिवसीय क्षमता वर्धन प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य समिति के सदस्यों को बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न मुद्दों, बाल हितैषी ग्राम पंचायत के निर्माण तथा पंचायत विकास योजना (GPDP) में बाल संरक्षण संबंधी गतिविधियों को शामिल करने के संबंध में जानकारी एवं क्षमता प्रदान करना था।
प्रशिक्षण में BDO राहुल मीणा, सहायक BDO अमरचंद्र एवं राजेश, प्रशासनिक अधिकारी विनोद तथा स्वच्छ भारत मिशन (SBM) से जगदीश सहित ब्लॉक स्तरीय बाल संरक्षण समिति के सदस्यों ने भाग लिया।
ब्लॉक कोऑर्डिनेटर देवेंद्र कुमार ने प्रतिभागियों को कवच परियोजना के उद्देश्यों एवं बाल संरक्षण को मजबूत करने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। वहीं जिला समन्वयक प्रियंका सिंह ने बाल हितैषी ग्राम पंचायत एवं GPDP की Theme-3 पर प्रशिक्षण देते हुए बताया कि ग्राम पंचायत विकास योजना में बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं अन्य आवश्यकताओं से संबंधित गतिविधियों को शामिल किया जाना चाहिए।
प्रशिक्षण के दौरान पंचायत डायरी में बाल संरक्षण से जुड़े मामलों का संधारण, नियमित निगरानी एवं मासिक रिपोर्टिंग की प्रक्रिया पर भी चर्चा की गई। साथ ही पंचायत स्तर पर बाल संरक्षण संबंधी कार्ययोजना तैयार कर उसे GPDP में शामिल करने तथा प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।
प्रशिक्षण में बाल संरक्षण को पंचायत विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए ग्राम पंचायत स्तर पर बच्चों के लिए सुरक्षित, संरक्षित एवं बाल हितैषी वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में ब्लॉक कोऑर्डिनेटर सीताराम एवं पीयूष का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

