रामपुरा स्थित ठाडा बालाजी महाराज आश्रम पर आज सजेगा अन्नकूट महोत्सव: अलौकिक फूलों से होगा बालाजी का श्रृंगार, दीप जलाकर मनाएंगे देव दीपावली
पीठाधीश्वर अश्विनी आचार्य महाराज के सान्निध्य में होगा धार्मिक कार्यक्रम, आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में पहुंचेंगे श्रद्धालु
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव)। क्षेत्र के निकटवर्ती गोल्याणा के पास स्थित रामपुरा गांव के नजदीक वीर हनुमान दक्षिण मुखी ठाडा बालाजी महाराज मंदिर परिसर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आज अन्नकूट महोत्सव एवं महाप्रसादी का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर में देव दीपावली का पर्व भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा।
अलौकिक फूलों से होगा बालाजी महाराज का श्रृंगार आश्रम के पीठाधीश्वर अश्विनी आचार्य महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि देव दीपावली के उपलक्ष्य में बालाजी महाराज की प्रतिमा का अलौकिक फूलों से विशेष श्रृंगार किया जाएगा। शाम को मंदिर परिसर में सैकड़ों दीपक प्रज्वलित कर देव दीपावली का उत्सव मनाया जाएगा, जिससे संपूर्ण आश्रम परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठेगा।
दर्शन के बाद श्रद्धालु ग्रहण करेंगे अन्नकूट प्रसादी धार्मिक आयोजन के अंतर्गत मंदिर परिसर में अन्नकूट महाप्रसादी का कार्यक्रम भी आयोजित होगा। महोत्सव में शामिल होने के लिए रामपुरा, गोल्याणा सहित आसपास के दर्जनों गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आश्रम पहुंचेंगे। भक्तजन बालाजी महाराज के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे और पंगत में बैठकर अन्नकूट प्रसादी ग्रहण करेंगे। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

