नाइजीरिया के सूखा प्रभावित इलाकों की प्यास बुझाएगा राजगढ़ का जल प्रबंधन मॉडल, 20 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने किया अवलोकन
सात समंदर पार गूंजा अलवर के जल संरक्षण मॉडल का डंकानाइजीरिया के 20 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने लोसल गांव में परखे भूजल पुनर्भरण के कार्य, अपने देश में लागू करेंगे तकनीक
सकट (अलवर)। राजगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र के ग्राम लोसल (ग्राम पंचायत नाडू) में हुए जलग्रहण विकास, भू-संरक्षण और जल संचयन के कार्यों को देखने मंगलवार को नाइजीरिया का 20 सदस्यीय उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल पहुंचा। विदेशी दल ने क्षेत्र में निर्मित जल संरचनाओं का बारीकी से निरीक्षण कर भूजल पुनर्भरण (ग्राउंडवाटर रिचार्ज) के सफल मॉडल की सराहना की।
कनिष्ठ अभियंता नवीन कुमार शर्मा ने बताया कि इस अंतर्राष्ट्रीय दौरे का मुख्य उद्देश्य भारत में भूजल पुनर्भरण और ग्रामीण विकास के सफल मॉडलों को समझना है, ताकि इन्हें नाइजीरिया के सूखा प्रभावित और ग्रामीण क्षेत्रों में लागू किया जा सके। निरीक्षण के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने लोसल में निर्मित जोहड़, एनिकट, परकोलेशन टैंक और अन्य जल संचयन संरचनाओं का अवलोकन किया।
वाटरशेड विभाग के अधिकारियों ने दल को विस्तार से समझाया कि किस प्रकार वर्षा जल संचयन और वैज्ञानिक वाटरशेड प्रबंधन के जरिए क्षेत्र के गिरते भूजल स्तर को ऊपर उठाया गया है और बंजर भूमि को पुनः उपजाऊ व खेती योग्य बनाया गया है।
नाइजीरियाई डेलिगेशन ने स्थानीय सरपंच व ग्रामीणों से भी सीधा संवाद कर जल प्रबंधन में जनभागीदारी की भूमिका को समझा। प्रतिनिधिमंडल ने अलवर में हुए कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि कम लागत और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग से जल संकट का समाधान करने वाला यह मॉडल नाइजीरिया के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा।
इस अवसर पर वाटरशेड विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता इंद्रजीत निमेष, अधीक्षण अभियंता (अलवर) नरेंद्र सिंह, अधिशाषी अभियंता प्रहलाद, कनिष्ठ अभियंता अभिनव कुमार व नवीन कुमार शर्मा तथा ग्राम पंचायत नाडू के सरपंच सहित ग्रामीण मौजूद रहे।

