उत्तरी हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन: लक्ष्मणगढ़ में 12 डिग्री तक लुढ़का पारा, रबी फसलों के लिए वरदान बनी सुबह की ओस
उत्तरी हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, लक्ष्मणगढ़ में 12 डिग्री तक लुढ़का पारासुबह-शाम बढ़ी गलन और ओस की बूंदें; गर्म कपड़ों में लिपटे लोग, रबी फसलों की बढ़वार को मिला फायदा
लक्ष्मणगढ़ (अलवर) कमलेश जैन। उपखंड क्षेत्र में मौसम ने करवट ले ली है और सर्दी का असर तेजी से बढ़ने लगा है। उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं के चलने से सुबह और देर रात तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे ठिठुरन और गलन का एहसास बढ़ गया है। हालांकि, दिन में तेज धूप खिलने से लोगों को हल्की राहत मिल रही है।
मौसम में आए इस बदलाव के चलते क्षेत्र का न्यूनतम तापमान गिरकर 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। तापमान में आई इस गिरावट के कारण ग्रामीण इलाकों और खेतों में सुबह के समय फसलों व घास पर ओस की बूंदें जमी नजर आने लगी हैं।
बढ़ती ठंड और सुबह गिरने वाली ओस किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। कृषि विशेषज्ञों व किसानों के अनुसार, यह ठंडक क्षेत्र में बोई गई गेहूं, सरसों और चने सहित अन्य रबी फसलों की अच्छी बढ़वार और फुटाव के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है।
वहीं, सर्दी बढ़ने के साथ ही लोगों की दिनचर्या भी बदलने लगी है। सुबह-शाम मॉर्निंग वॉक पर जाने वाले लोगों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों ने गर्म कपड़े पहनना शुरू कर दिया है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग सुबह के समय अलाव और गुनगुनी धूप का सेवन करते दिखाई दे रहे हैं।

