भरतपुर :खाद की कालाबाजारी, अवैध भंडारण एवं जमाखोरी रोकने के लिए कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण
भरतपुर / कोशलेन्द्र दत्तात्रेय / 24 नवम्बर। जिले में किसानों को मिलने वाली सब्सिडी युक्त यूरिया एवं डीएपी खाद की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और जमाखोरी पर रोक लगाने तथा रबी फसल की बुवाई के मौसम में खाद माफियाओं के विरुद्ध कार्रवाई के लिए कृषि विभाग द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
कृषि आयुक्तालय के निर्देशानुसार कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक (कृषि) भरतपुर राधेश्याम मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने मंगलवार को जिले में विभिन्न खाद एवं बीज विक्रय केंद्रों तथा सहकारी समितियों का निरीक्षण किया।
संयुक्त निदेशक कृषि एवं सहायक निदेशक कृषि की टीम ने हलैना में रामहेत महेश चंद, अग्रवाल बीज भंडार, ललिता मुंडिया में बंसल खाद-बीज भंडार, बछमदी में बजवासी खाद-बीज भंडार, ग्राम सेवा सहकारी समिति का निरीक्षण कर भंडारण एवं वितरण व्यवस्था को देखा। उन्होंने चिकसाना में भूदेव खाद-बीज भंडार, बराखुर में जे.डी. खाद-बीज भंडार, मई में कटारा खाद-बीज भंडार, जैन खाद-बीज भंडार का निरीक्षण किया। टीम ने समसपुर में ग्राम सेवा सहकारी समिति, बरौली छार में दीपक ट्रेडिंग कंपनी, तथा बेलारा में श्री कृष्णा महिला बहुउद्देशीय सहकारी समिति का निरीक्षण कर किसानों को निर्धारित कीमत पर पारदर्शिता से खाद का वितरण करने के लिए पाबंद किया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विक्रेताओं को उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार उर्वरक वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। टीम द्वारा स्पष्ट किया गया कि किसानों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार खाद उपलब्ध कराई जाए तथा कालाबाजारी, अवैध भंडारण एवं जमाखोरी जैसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जाए।

