जोधपुर में 50 लाख की बड़ी लूट: बैंक से रकम निकालकर लौट रहे व्यापारी की गाड़ी में मारी टक्कर, फरार बदमाशों की तलाश में टोल नाकों के फुटेज खंगाल रही पुलिस
जोधपुर / राजस्थान
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना क्षेत्र में शनिवार को हुई 50 लाख रुपए की बड़ी लूट के मामले में आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें संभावित भागने वाले रूट और टोल नाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। हालांकि, घटना के बाद से लुटेरों का अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है। इस पूरे मामले की मॉनिटरिंग एडीसीपी प्रवीण सेन और एसीपी नतीशा जाखड़ द्वारा की जा रही है।
बैंक से 50 लाख निकालकर जा रहे थे, कार को टक्कर मारकर लूटा मामले को लेकर थानाधिकारी गोविंद व्यास ने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ निवासी बाबूलाल पुत्र श्री किशन शर्मा की 'जय भैरूनाथ' नाम से ट्रेडिंग कंपनी संचालित है। उन्होंने शनिवार को एचडीएफसी बैंक में अपने खाते से चेक के माध्यम से 50 लाख रुपए निकाले थे। इसी दौरान लुटेरों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी और 50 लाख रुपए की नकदी लूटकर फरार हो गए।
टक्कर से व्यापारी हुए घायल, तलाश जारी लुटेरों द्वारा गाड़ी को टक्कर मारने से पीड़ित व्यापारी बाबूलाल शर्मा घायल हो गए और उन्हें चोटें आईं। घटना के बाद पुलिस ने नाकाबंदी कर संभावित मार्गों पर जांच तेज कर दी है तथा टोल नाकों व अन्य स्थानों के फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।

