एक ही छत के नीचे मिलेंगे शुद्ध मसाले, शहद और हैंडीक्राफ्ट: भरतपुर के गांधी पार्क में 25 नवंबर से सजेगा प्रथम 'सहकार मेला
आमजन सुबह 10 से रात 9 बजे तक कर सकेंगे खरीदारी, सहकारी संस्थाओं के उत्पादों को मिलेगा बड़ा बाजार
भरतपुर / कोशलेन्द्र दत्तात्रेय। शहरवासियों को एक ही छत के नीचे शुद्ध, गुणवत्तापूर्ण और स्वदेशी उत्पाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भरतपुर में पहली बार तीन दिवसीय ‘सहकार मेले’ का आयोजन किया जा रहा है। जिला मुख्यालय स्थित गांधी पार्क में यह मेला आगामी 25 नवंबर से 27 नवंबर तक आयोजित होगा। इसके माध्यम से सहकारिता विभाग से जुड़े उत्पादों को प्रोत्साहन और स्थानीय उत्पादकों को सीधा बाजार उपलब्ध कराया जाएगा।
मसालों से लेकर हैंडीक्राफ्ट और ऑर्गेनिक अनाज तक होंगे उपलब्ध सहकारिता विभाग के उप निदेशक शचींद्र चतुर्वेदी ने बताया कि सहकारिता विभाग का ब्रांड ‘उपहार’ आमजन के बीच विश्वास और गुणवत्ता का प्रतीक है। इसी भावना के अनुरूप मेले में विभिन्न सहकारी संस्थाओं द्वारा अपने उत्पादों की भव्य प्रदर्शनी और बिक्री की जाएगी। मेले में खरीदारों के लिए शुद्ध मसाले, आकर्षक हस्तशिल्प (हैंडीक्राफ्ट) सामग्री, पारंपरिक परिधान, अचार, मुरब्बा, शुद्ध शहद और ऑर्गेनिक अनाज सहित कई खाद्य पदार्थ उपलब्ध रहेंगे।
सुबह 10 से रात 9 बजे तक खुला रहेगा मेला उप निदेशक चतुर्वेदी ने बताया कि इस आयोजन से सहकारी संस्थाओं और उनसे जुड़े छोटे उत्पादकों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन व विपणन का सशक्त मंच मिलेगा, वहीं आमजन को मिलावट रहित और भरोसेमंद सामान खरीदने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की है कि वे 25 से 27 नवंबर तक प्रातः 10 बजे से रात 9 बजे के बीच गांधी पार्क पहुंचकर इस प्रथम सहकार मेले में अधिक से अधिक खरीदारी करें और सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने में अपनी सहभागिता निभाएं।

