भीषण हादसा: पिकअप गाड़ी पलटने से 17 वर्षीय बाल श्रमिक की दर्दनाक मौत, दो साथी फरार
रामगढ़ (अलवर/अनिल गुप्ता) रामगढ़ थाना क्षेत्र के बहादुरपुर सड़क मार्ग पर बैडोद गांव की ढाणी के पास एक अनियंत्रित पिकअप गाड़ी के पलटने से उसमें सवार 17 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक गाड़ी के केबिन से उछलकर सड़क पर आ गिरा। दुर्घटना के बाद घबराकर गाड़ी चालक और उसमें सवार अन्य साथी मौके से फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, बैडोद निवासी विकास (17 वर्ष) कस्बे के ही एक टेंट व्यापारी के पास मजदूरी का काम करता था। विकास अपने साथी सोमसिंह और राजकुमार के साथ पिकअप गाड़ी में सवार होकर रामगढ़ से बैड़ौद की ओर जा रहा था। रामगढ़ से लगभग डेढ़-दो किलोमीटर दूर बैडोद गांव की खातियों की ढाणी के पास अचानक पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के दौरान विकास गाड़ी के केबिन से बाहर जा गिरा और गंभीर चोटें आने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
- सड़क पर शव देख ग्रामीणों ने दी सूचना
घटना की आवाज सुनकर जब आसपास के ग्रामीण घरों से बाहर निकले, तो उन्होंने सड़क पर पलटी हुई पिकअप और पास में ही पड़े युवक के शव को देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत रामगढ़ पुलिस को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लहुलूहान पड़े युवक को रामगढ़ उप-जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
- पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त पिकअप गाड़ी को जब्त कर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मौके से फरार हुए सोमसिंह व राजकुमार की तलाश के साथ-साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।

