तिजारा के मेहराणा गांव में जमीन विवाद को लेकर बवाल:जमीन जोतने के विवाद में 40-50 लोगों का लाठी-कुल्हाड़ी से हमला
खैरथल-तिजारा / राजस्थान
खैरथल-तिजारा जिले के तिजारा थाना क्षेत्र अंतर्गत मेहराणा गांव में जमीन जोतने के विवाद को लेकर दो पड़ोसी पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। आरोप है कि करीब 40 से 50 लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों पर लाठी-कुल्हाड़ी, फरसी और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना 20 नवंबर की बताई जा रही है और हमले का एक वीडियो भी सामने आया है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
जमीन जोतने और मेड़ के विरोध पर भड़का विवाद घायल जुबेर खान निवासी मेहराणा ने बताया कि गांव में मौलवी शाकिर, हारून और अब्दुल्ला रहमान के बीच 2 बीघा जमीन को लेकर कई वर्षों से विवाद चल रहा है। पूर्व में हुआ बंटवारा निरस्त होने के बाद दोनों पक्ष अपने-अपने हिस्से की जमीन जोत रहे थे। जुबेर के अनुसार, 20 नवंबर को अब्दुल्ला रहमान ने अपनी जमीन के साथ मौलवी शाकिर की जमीन का कुछ हिस्सा जबरन जोतना शुरू कर दिया। भाई कासिम ने इसका विरोध किया तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और कासिम की जमीन की मेड़ के पास का हिस्सा जोतने लगे।
बचाव करने पहुंचे भाइयों पर कुल्हाड़ी व धारदार हथियार से वार कासिम के बेटे अरमान ने मेड़ जोतने का विरोध किया तो हमलावरों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। भतीजे के साथ मारपीट की सूचना मिलने पर जुबेर खान और उसका भाई अयूब मौके पर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने जुबेर के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया, जिससे गंभीर चोट आई और सिर में 18 टांके लगाने पड़े। बीच-बचाव करने आए अयूब पर भी धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उसके सिर में भी करीब आधा दर्जन टांके आए हैं।
मौके से हथियार बरामद, पुलिस जांच में जुटी घटना को लेकर पीड़ित पक्ष की ओर से तिजारा थाने में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से कुल्हाड़ी व लाठी-डंडे बरामद किए। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

