खबर का असर: मालाखेड़ा रोड पर पंप लगाकर निकाला गया नाले का गंदा पानी, अब स्थायी नाला निर्माण का इंतजार
बार-बार पंप से पानी निकालने के बजाय स्थायी नाला निर्माण की उठी मांग, नगर पालिका ने जालूकी रोड पर अतिक्रमण पर लगाए निशान
लक्ष्मणगढ़ (अलवर) कमलेश जैन। कस्बे के मालाखेड़ा रोड स्थित नए बस स्टैंड से कैलाश साहू की चक्की के सामने लंबे समय से बने जलभराव की समस्या पर आखिरकार नगर पालिका प्रशासन हरकत में आया है। ‘डिजिटल जी एक्सप्रेस’ में इस जनसमस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद सोमवार को नगर पालिका टीम ने पंप की सहायता से सड़क पर जमा नाले के गंदे पानी को बाहर निकाला, जिससे आमजन को अस्थाई राहत मिली है।
छात्रों व वाहन चालकों के लिए मुसीबत बना था जलभराव गौरतलब है कि मालाखेड़ा रोड पर लंबे समय से गंदा पानी जमा रहने के कारण स्कूली छात्रों, राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क पर भरे गंदे पानी की वजह से कई दुपहिया वाहन चालक फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त भी हो चुके थे, वहीं लगातार जलभराव से सड़क भी जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो गई है।
स्थायी नाला निर्माण की मांग, अतिक्रमण पर लगे निशान हालांकि नगर पालिका ने पंप के जरिए गंदे पानी की निकासी करवा दी है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार पंप से पानी निकालना इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। कस्बेवासियों ने प्रशासन से शीघ्र ही पक्के नाले का निर्माण करवाने की मांग की है, ताकि इस समस्या से हमेशा के लिए निजात मिल सके। इधर, नाला निर्माण की कवायद के तहत नगर पालिका प्रशासन द्वारा जालूकी रोड स्थित पुराने बस स्टैंड के पास दुकानों पर अतिक्रमण को लेकर निशान भी लगाए गए हैं।

