गायत्री नगर जैन मंदिर में पहली बार बच्चों ने किया सामूहिक अभिषेक व पूजा, अब हर महीने आयोजित होगा विशेष कार्यक्रम
अष्टान्हिका महापर्व के अवसर पर 8 वर्ष से अधिक आयु के 30 से ज्यादा बच्चों ने उत्साह के साथ की आराधना, महिला समूह ने किया प्रोत्साहित
जयपुर / कमलेश जैन। महारानी फार्म, दुर्गापुरा स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर (गायत्री नगर) में अष्टान्हिका महापर्व के अवसर पर रविवार को पाठशाला के बालक-बालिकाओं ने पहली बार सामूहिक अभिषेक और पूजा की। आठ वर्ष से अधिक आयु के बच्चों ने विधानाचार्य पंडित अजीत शास्त्री (गायत्री नगर) के निर्देशन में पूरी भक्ति और उत्साह के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए।
30 से अधिक बच्चों ने की अभिषेक, शांतिधारा और पूजा अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन (जयपुर) ने बताया कि पर्व के उपलक्ष्य में लगभग 30 से अधिक पाठशाला के बालक-बालिकाओं ने सामूहिक अभिषेक और शांतिधारा के बाद सामूहिक पूजा की। इस आयोजन में विपुल छाबड़ा और गौरव शाह का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने बताया कि महापर्व के दौरान मंदिर में प्रतिदिन श्रावक-श्राविकाओं द्वारा नंदीश्वर द्वीप की आराधना भी की जा रही है।
अब हर महीने आयोजित होगा बच्चों का सामूहिक अभिषेक व पूजन मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अरुण शाह ने कहा कि गायत्री नगर मंदिर में महापर्व के दौरान पाठशाला के बालक-बालिकाओं द्वारा सामूहिक अभिषेक और पूजा किए जाने का यह पहला अवसर है। उन्होंने बताया कि समाज में जो बालक-बालिका आठ वर्ष की आयु पूर्ण कर लेते हैं, उन्हें मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सम्मानित किया जाता है। अध्यक्ष अरुण शाह ने इस अवसर पर घोषणा की कि बालक-बालिकाओं के सामूहिक अभिषेक और पूजा का आयोजन अब प्रतिमाह रखा जाएगा। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को निर्धारित तिथि पर इस कार्यक्रम में अवश्य भेजें।
अल्पाहार व पारितोषिक वितरण, समाजबंधुओं की रही उपस्थिति कार्यक्रम के दौरान कैलाश-मधु छावड़ा परिवार की ओर से सभी बालक-बालिकाओं को अल्पाहार कराया गया, वहीं वैय्यावृत्ति महिला समूह ने बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप पारितोषिक प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस धार्मिक आयोजन में मंदिर प्रबंध समिति के मंत्री राजेश वोहरा, उपाध्यक्ष विजय सोगानी, संयुक्त मंत्री संजय ठोलिया, कोषाध्यक्ष राकेश छावड़ा, बसंत वकालीवाल, संतोष गंगवाल, राकेश पटौदी, पदम झांझरी, कैलाश छावड़ा और अशोक विधानसभा वाले सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।

