लक्ष्मणगढ़ पंचायत समिति में भाजपा का दबदबा: भीम सैन निर्विरोध बने उप प्रधान
लक्ष्मणगढ़ पंचायत समिति में भाजपा का दबदबा कायम; भीम सैन निर्विरोध बने उप प्रधान
लक्ष्मणगढ़ (अलवर) कमलेश जैन। लक्ष्मणगढ़ पंचायत समिति में शनिवार को हुए उप प्रधान पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के भीम सैन निर्विरोध उप प्रधान निर्वाचित हुए। चुनाव प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस पार्टी की ओर से कोई नामांकन दाखिल नहीं किया गया, जिसके चलते भीम सैन के निर्विरोध चुने जाने का रास्ता साफ हो गया।
गौरतलब है कि लक्ष्मणगढ़ पंचायत समिति में प्रधान पद पर पहले ही भाजपा की दीपिका चौधरी काबिज हो चुकी हैं। उन्होंने महज दो वोटों के करीबी अंतर से जीत दर्ज की थी। कांटे की टक्कर और कम अंतर के बावजूद उप प्रधान चुनाव में कांग्रेस द्वारा कोई प्रत्याशी न उतारना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
जानकारी के अनुसार, भीम सैन लक्ष्मणगढ़ पंचायत समिति के वार्ड नंबर-4 (सामान्य सीट) से पंचायत समिति सदस्य चुने गए थे। उन्होंने इस वार्ड से 1,169 मत हासिल कर जीत दर्ज की थी। इस वार्ड के अंतर्गत मौजपुर, रोनीजाजाट और शहदका ग्राम पंचायतों का क्षेत्र आता है।
भीम सैन के निर्विरोध उप प्रधान बनने की सूचना मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए मिठाई बांटी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई।

