गोविंदगढ़ पंचायत समिति में कांग्रेस का दबदबा कायम; दर्शनलाल निर्विरोध बने उपप्रधान
गोविंदगढ़ (अलवर)। गोविंदगढ़ पंचायत समिति में प्रधान पद के बाद अब उपप्रधान के चुनाव में भी कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। शनिवार को हुए उपप्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस के दर्शनलाल निर्विरोध निर्वाचित हुए। नामांकन के समय भाजपा की ओर से किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया, जिससे दर्शनलाल के निर्विरोध चुने जाने का रास्ता साफ हो गया। निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए हर्ष जताया।
उपखंड कार्यालय गोविंदगढ़ में शनिवार सुबह 10 से 11 बजे तक उपप्रधान पद के लिए नामांकन प्रक्रिया आयोजित की गई। इसमें कांग्रेस की ओर से मालपुर निवासी वार्ड नंबर-3 से निर्वाचित पंचायत समिति सदस्य दर्शनलाल ने कांग्रेस पार्टी के चुनाव चिह्न (सिंबल) पर अपना नामांकन दाखिल किया। वहीं, भाजपा की ओर से निर्धारित समय तक कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं उतरा। दोपहर 1 बजे नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद निर्वाचन अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी (एसडीएम) अभिषेक चारण ने दर्शनलाल को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया। इसके पश्चात उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया गया और पद की शपथ दिलाई गई।
शांतिपूर्ण संपन्न हुई चुनाव प्रक्रिया निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम अभिषेक चारण ने बताया कि उपप्रधान पद के लिए दर्शनलाल का एकमात्र नामांकन पत्र प्राप्त हुआ था। जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। उन्होंने बताया कि प्रधान और उपप्रधान दोनों ही पदों के चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए।
किसान परिवार से हैं, समस्याओं के निदान का भरोसा नवनिर्वाचित उपप्रधान दर्शनलाल ने कहा कि वे जमीन से जुड़े हुए हैं और एक किसान के बेटे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें आमजन की समस्याओं की पूरी समझ है और वे उन समस्याओं के निदान के लिए प्रयासरत रहेंगे। दर्शनलाल ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वे पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे।
पंचायत समिति का समीकरण और प्रधान चुनाव उल्लेखनीय है कि गोविंदगढ़ पंचायत समिति की कुल 15 सीटों में से कांग्रेस ने 9, भाजपा ने 4 और निर्दलीयों ने 2 सीटों पर जीत दर्ज की है। इससे पूर्व हुए प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस की अंजुम खान को 11 तथा भाजपा की निर्मिला रानी को 4 मत मिले थे। अंजुम खान ने 7 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर प्रधान पद हासिल किया था। अब उपप्रधान पद पर भी कांग्रेस के दर्शनलाल के निर्विरोध निर्वाचन के साथ ही पंचायत समिति में कांग्रेस का नेतृत्व पूरी तरह कायम हो गया है।

