बांदीकुई-आगरा रेलमार्ग पर हादसा: चलती ट्रेन से गिरकर बिहार का युवक घायल, पुलिस जांच में जुटी
भजेड़ा रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से गिरा 18 वर्षीय युवक, गंभीर हालत में अलवर रैफर
राजगढ़/रैणी (अलवर) अनिल कुमार गुप्ता। रैणी क्षेत्र के बांदीकुई-आगरा रेलमार्ग पर भजेड़ा रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेन से गिरकर एक 18 वर्षीय युवक घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक की पहचान नागमणि साहनी निवासी हथौड़ी सीमरी, थाना हथौड़ी, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही 108 एंबुलेंस की सहायता से घायल युवक को तत्काल रैणी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने युवक का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन स्थिति को देखते हुए उसे आगे के उपचार के लिए अलवर रैफर कर दिया गया।
सूचना मिलने पर रैणी पुलिस भी अस्पताल पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच करते हुए हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

