रामगढ़ पंचायत समिति में कांग्रेस का क्लीन स्वीप; प्रधान के बाद कुलदीप मीणा निर्विरोध बने उपप्रधान
रामगढ़ पंचायत समिति में कांग्रेस का क्लीन स्वीप; प्रधान के बाद कुलदीप मीणा निर्विरोध बने उपप्रधान
रामगढ़ (अलवर)। रामगढ़ पंचायत समिति में प्रधान पद के बाद अब उपप्रधान पद के चुनाव में भी कांग्रेस ने बाजी मार ली है। शनिवार को हुए उपप्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस के कुलदीप मीणा निर्विरोध निर्वाचित हुए। चुनाव के दौरान भाजपा की ओर से किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया, जिससे कुलदीप मीणा के निर्विरोध चुने जाने का मार्ग प्रशस्त हो गया। निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा होते ही पंचायत समिति परिसर व बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने मालाएं पहनाकर कुलदीप मीणा का गर्मजोशी से स्वागत किया और जमकर नारेबाजी की।
रामगढ़ पंचायत समिति सभागार में शनिवार सुबह 10 से 11 बजे तक उपप्रधान पद के लिए नामांकन प्रक्रिया आयोजित की गई। इसमें कांग्रेस की ओर से मीणापुरा गांव के वार्ड नंबर-13 से निर्वाचित पंचायत समिति सदस्य कुलदीप मीणा ने पार्टी के चुनाव चिह्न (सिंबल) पर अपना नामांकन दाखिल किया। वहीं, भाजपा की ओर से निर्धारित समय सीमा तक कोई उम्मीदवार मैदान में नहीं उतरा। दोपहर 1 बजे नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सुभाष यादव ने कुलदीप मीणा को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया। इसके पश्चात उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया गया और पद की शपथ दिलाई गई।
शांतिपूर्ण संपन्न हुई चुनाव प्रक्रिया निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सुभाष यादव ने बताया कि उपप्रधान पद के लिए कुलदीप मीणा का एकमात्र नामांकन पत्र प्राप्त हुआ था। जांच और नाम वापसी की निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। उन्होंने बताया कि प्रधान और उपप्रधान दोनों ही पदों के चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुए।
निष्ठा से निभाएंगे जिम्मेदारी नवनिर्वाचित उपप्रधान कुलदीप मीणा ने कहा कि वे जमींदार परिवार से संबंध रखते हैं और पूर्व में भी कांग्रेस पार्टी से पंचायत समिति सदस्य का चुनाव जीत चुके हैं। इस बार भी उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर जीत हासिल की है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें उपप्रधान की जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे।
पंचायत समिति का गणित और प्रधान चुनाव उल्लेखनीय है कि रामगढ़ पंचायत समिति की कुल 17 सीटों में से कांग्रेस ने 9, भाजपा ने 4, निर्दलीयों ने 3 और आरएलपी ने 1 सीट पर जीत दर्ज की थी। इससे पूर्व हुए प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस की सुमरत्या जाटव को 13 मत मिले थे, जबकि भाजपा के राजेश गौतम को 4 मत प्राप्त हुए थे। सुमरत्या जाटव ने 9 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर प्रधान पद हासिल किया था। अब उपप्रधान पद पर भी कांग्रेस के कुलदीप मीणा के निर्विरोध निर्वाचन के साथ ही पंचायत समिति में कांग्रेस का नेतृत्व पूरी तरह स्थापित हो गया है।

