भारत में महिलाओं के नेतृत्व में विकास का युग आरंभ हो गया है: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

Mar 2, 2024 - 08:38
Mar 2, 2024 - 09:24
 0
भारत में महिलाओं के नेतृत्व में विकास का युग आरंभ हो गया है: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
बरहमपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को कहा कि भारत में महिलाओं के नेतृत्व में विकास का युग शुरू हो गया है क्योंकि महिलाएं राष्ट्र निर्माण के सभी क्षेत्रों में केंद्रीय भूमिका निभा रही हैं और यह प्रवृत्ति देश के लिए बहुत उत्साहजनक है। ओडिशा के गंजाम जिले के भांजा बिहार में बरहमपुर विश्वविद्यालय के 25वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि साहित्य, संस्कृति, नृत्य और संगीत में महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही है। 
राष्ट्रपति ने कहा, “हमारी बेटियों का सामर्थ्य विज्ञान और प्रौद्योगिकी से लेकर पुलिस और सेना तक हर क्षेत्र में दिखाई दे रहा है। अब हम महिलाओं के विकास के चरण से महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास की ओर बढ़ रहे हैं।” मुर्मु ने कहा, “बरहमपुर विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर विभागों और इस विश्‍वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में लगभग 45000 छात्र शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। उन्हें यह जानकर प्रसन्‍नता हुई कि इसमें 55 प्रतिशत से अधिक छात्राएं हैं। इतना ही नहीं, स्‍वर्ण पदक जीतने वालों में 60 प्रतिशत लड़कियां हैं और आज डॉक्टरेट की डिग्री प्राप्‍त करने वाले शोधकर्ताओं में भी 50 प्रतिशत लड़कियां हैं।” 
उन्होंने कहा कि यह लैगिंक समानता का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। राष्ट्रपति ने कहा कि देश भर में विभिन्न दीक्षांत समारोहों में भाग लेने के दौरान उनकी मुलाकात कई प्रतिभाशाली लड़कियों और महिलाओं से हुई। मुर्मू ने कहा कि जो महिलाएं कला, संस्कृति और ऐसे अन्य क्षेत्रों तक ही सीमित थीं, उन्होंने अब विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में बहुत अच्छा प्रदर्शन करना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब पुलिस बल और रक्षा सेवाओं में भी नेतृत्व कर रही हैं।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow