माचाडी के समीप बोलेरो और बाइक की भिड़ंत में पिनान निवासी युवक की मौत, पुलिस जांच में जुटी
राजगढ़ के माचाडी के समीप बोलेरो व बाइक में भीषण भिड़ंत: काम से घर लौट रहे बाइक सवार की दर्दनाक मौत
राजगढ़ (अलवर) अनिल कुमार गुप्ता। राजगढ़ थाना क्षेत्र के माचाडी के समीप सोमवार को बोलेरो और बाइक के बीच हुई जबरदस्त भिड़ंत में एक बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब युवक अपना काम समाप्त कर बाइक से अपने गांव लौट रहा था। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
काम खत्म कर अपने गांव पिनान लौट रहा था मृतक प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिनान निवासी बनेसिंह उर्फ पप्पू (41) पुत्र रामसहाय सैनी सोमवार को कांदोली बाईपास से अपना काम पूरा कर बाइक पर सवार होकर अपने गांव पिनान लौट रहा था। इसी दौरान माचाडी के समीप सामने से आ रही एक बोलेरो और उसकी बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने एम्बुलेंस की सहायता से घायल बनेसिंह को राजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही राजगढ़ थाना पुलिस चिकित्सालय पहुंची और घटनास्थल व हादसे के बारे में जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए राजगढ़ सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया है, जहां मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

