हरसोरा उपतहसील को तहसील बनाने की मांग को लेकर विधायक देवी सिंह शेखावत ने सौंपा ज्ञापन

नारायण पुर (भारत कुमार शर्मा) बानसूर विधायक देवी सिंह शेखावत अपने संकल्प "विकसित बानसूर, खुशहाल बानसूर, स्वस्थ बानसूर, भय मुक्त बानसूर" को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। वे विधानसभा में अपनी आवाज़ बुलंद करने के साथ-साथ, क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री व मंत्रियों से मिलकर अपने क्षेत्र की समस्याओं से अवगत करा रहे हैं।
इसी क्रम में आज विधायक देवी सिंह शेखावत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व राजस्व मंत्री हेमंत मीणा से मुलाकात कर हरसोरा उपतहसील को तहसील मुख्यालय का दर्जा देने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
विधायक ने बताया कि:हरसोरा बानसूर मुख्यालय से काफी दूरी पर स्थित है। यह जनसंख्या और तहसील मुख्यालय के निर्धारित मापदंडों को पूरा करता है। हरसोरा के अंतर्गत 43 राजस्व गांव आते हैं। इस क्षेत्र में 10 पटवार मंडल और 12 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। यदि इसे तहसील का दर्जा मिलता है, तो ग्रामीणों को राजस्व व प्रशासनिक कार्यों में विशेष सुविधा मिलेगी और विकास को नई गति मिलेगी। विधायक ने इस मांग को शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया, जिससे हरसोरा व आसपास के ग्रामीणों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं प्राप्त हो सकें।






