पिकअप के ब्रेक फेल: 20 से ज्यादा घायल — CEO एवं CMHO की तत्परता से टली बड़ी अनहोनी
सिरोही (रमेश सुथार) माउंट आबू शहर में गुरूवार को बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब तलहटी से माउंट आबू पर्वत की ओर चढ़ाई के दौरान एक पिकअप वाहन ब्रेक फेल हो जाने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। पिकअप में करीब 20-25 लोग सवार थे, जो माउंट आबू की ओर जा रहे थे।
गौरतलब है कि इसी दौरान माउंट आबू में आयोजित कलेक्टर बैठक में शामिल होने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. दिनेश खराड़ी और जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) प्रकाश चंद अग्रवाल भी उसी मार्ग से गुजर रहे थे। हादसा देखकर दोनों अधिकारी तुरंत मौके पर रुके और हालात का जायज़ा लिया।
दोनों अधिकारियों ने बिना देर किए एम्बुलेंस और स्थानीय प्रशासन को सूचना दी। हादसे में घायल लोगों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिलवाते हुए नज़दीकी उपजिला अस्पताल आबूरोड भिजवाया गया। घायलों की स्थिति पर डॉक्टरों की टीम लगातार नज़र बनाए हुए है।
डॉ. दिनेश खराड़ी ने बताया कि मौके पर पहुंचकर घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल रेफर किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप चढ़ाई पर थी, तभी अचानक ब्रेक फेल हो गए और वाहन पीछे की ओर लुढ़कता हुआ सड़क किनारे पलट गया। गनीमत रही कि वाहन गहरी खाई की ओर नहीं गिरा, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों का इलाज उपजिला अस्पताल में जारी है ।

