अलवर में सड़क हादसे में युवक की मौत, अज्ञात वाहन फरार
अलवर (अनिल गुप्ता)
अलवर शहर के शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से 28 वर्षीय युवक मंजीत की मौत हो गई। मृतक मंजीत पुत्र राजेश कुमार निवासी बावल, मुरार (हरियाणा), फिलहाल राठनगर में किराए के मकान में रह रहा था। गुरुवार रात करीब 10 बजे मंजीत डबल फाटक से अपने घर लौट रहा था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। घायल मंजीत को परिजन तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। एएसआई समरदिन के अनुसार, मृतक के पिता राजेश कुमार खाती का काम करते हैं और मंजीत उनका सहयोग करता था। मंजीत परिवार का इकलौता बेटा था, उसकी दो बहनें हैं जिनकी शादी हो चुकी हैं ।पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश और घटना की जांच में जुटी है।


