गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुर पर छेड़छाड़ और हत्या का आरोप
अलवर (अनिल गुप्ता)
अलवर शहर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र स्थित भीमनगर में एक आठ माह की गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका नीलम (25) पत्नी सोनू की करंट लगने से मौत बताई जा रही है। पीहर पक्ष का आरोप है कि यह हादसा नहीं बल्कि हत्या है। मृतका के भाई विजेंद्र ने बताया कि वे दौसा जिले के लोटवाड़ा गांव के रहने वाले हैं और डेढ़ साल पहले बहन की शादी अलवर निवासी सोनू से की थी। नीलम का छह साल का बेटा भी है और वह आठ माह की गर्भवती थी। परिजनों ने बताया कि पहले पति सोनू ने फोन कर बताया कि नीलम को हीटर से करंट लगा है।
फिर बाद में कहा कूलर से करंट लगा। जब परिजन जिला अस्पताल पहुंचे तब तक नीलम की मौत हो चुकी थी। मृतका के भाई ने यह भी आरोप लगाया कि नीलम का ससुर घोटीराम उसे लगातार छेड़छाड़ कर परेशान करता था। परिवार ने हत्या की साजिश का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


