कन्हैयालाल की पत्नी जशोदा साहू की प्रधानमंत्री मोदी को भावुक चिट्ठी, फिल्म उदयपुर फाइल्स को लेकर लगाई गुहार
उदयपुर।(मुकेश मेनारिया) राजस्थान के उदयपुर के दर्जी कन्हैयालाल की नृशंस हत्या पर आधारित फिल्म उदयपुर फाइल्स की रिलीज पर अदालत द्वारा लगाई गई रोक का मामला अब और अधिक संवेदनशील होता जा रहा है। इस रोक के विरोध में कन्हैयालाल की पत्नी जशोदा साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक भावुक पत्र लिखकर हस्तक्षेप की अपील की है।
जशोदा साहू ने अपने पत्र में लिखा कि यह फिल्म उनके पति की हत्या पर आधारित है, और उन्होंने खुद इसे देखा है। उनके अनुसार, फिल्म में कुछ भी गलत नहीं है, यह तो बस उस दर्दनाक घटना की सच्चाई है जो हमारे साथ हुई।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुस्लिम संगठनों और उनके वकील कपिल सिब्बल ने मिलकर कोर्ट में इस फिल्म को रुकवा दिया है।
जशोदा ने सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा, 'तीन साल पहले मेरे पति की हत्या हुई और अब उनके हत्यारों का समर्थन करने वाले लोग फिल्म को भी कोर्ट से रुकवा रहे हैं। क्या अब सच्चाई भी नहीं दिखाई जा सकती।
- पीएम मोदी से मिलने की जताई इच्छा
जशोदा ने पीएम मोदी से इस विषय में व्यक्तिगत रूप से मिलने का समय भी मांगा है। उन्होंने पत्र में लिखा,मेरे बच्चे कह रहे हैं कि अब इस फिल्म पर फैसला मोदी सरकार का होगा। आप तो जानते हैं कि हमारे साथ क्या हुआ। आपसे निवेदन है कि इस फिल्म को रिलीज करवाइए ताकि पूरी दुनिया सच जान सके। मैं अपने बच्चों के साथ दिल्ली आकर आपसे मिलना चाहती हूं। कृपया समय दीजिए।
- मामला कोर्ट और राजनीति के घेरे में
बता दें कि इससे पहले कोर्ट ने फिल्म में कई कट लगाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद राजस्थान हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान फिल्म की रिलीज पर अस्थाई रोक लगा दी थी। अब यह मामला सिर्फ कानूनी ही नहीं, बल्कि राजनीतिक रूप से भी बेहद संवेदनशील हो चुका है।