जिला कलक्टर ने गंभीर नदी व बन्ध बरेठा क्षेत्र के गांवों का किया दौरा: एसडीआरएफ, पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन को किया सतर्क
पानी के बहाव क्षेत्र से पशुधन एवं नागरिकों को दूर रहने का आव्हान
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिला कलक्टर कमर चौधरी ने शनिवार को गंभीर नदी के बहाव क्षेत्र के गांवों, सेवला हेड एवं बंध बरेठा क्षेत्र का निरीक्षण कर पानी के बहाव क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
जिला कलक्टर ने बंधबरेठा से की जा रहे पानी की निकासी का अवलोकन किया तथा बंध के आसपास अनावश्यक भीड़ जमा नहीं होने के निर्देश दिए। उन्होंने बांध से निकल जा रहे पानी के बहाव क्षेत्र में पडने वाले गांव, आवासीय क्षेत्र में लोगों को सावचेत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ की टीम लगातार इस क्षेत्र में निगरानी रखें वर्षा के दौरान बहाव क्षेत्र में कोई भी नागरिक, पशुधन नहीं जाए। जल जनित घटनाएं नहीं हो सके इसका सभी विभाग विशेष ध्यान रखें।
नदी किनारे गांवों के ग्रामीणों से संवाद
उन्होंने गंभीर नदी के बहाव क्षेत्र में पढ़ने वाले विभिन्न गांवों का दौरा कर जल संसाधन विभाग, राजस्व, पंचायत राज विभाग द्वारा की जा रही सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नदी में पांचना बंध से लगातार पानी की निकासी की जा रही है वर्तमान में 17 हजार क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है जिससे नदी पूरे वेग के साथ बह रही है ऐसे में नदी के किनारे बसे हुए गांव को नदी के आसपास अपने पशुधन को नहीं ले जाने तथा नागरिकों को नदी से दूर रहने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि लगातार वर्षा की चेतावनी को देखते हुए नदी के बहाव क्षेत्र में मिलने वाले नालों, रपटों वाली सड़कों पर भी नागरिक निकलते समय विशेष सावधानी रखें। पानी की निकासी के समय सड़क की रपट पार नही करें। उन्होंने सभी गावों में पटवारी, ग्राम विकास अधिकारी, शिक्षा विभाग के कार्मिकों को लोगों से सीधा संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए।
सेवला हैड का निरीक्षण
जिला कलक्टर ने सेवला हैड का निरीक्षण किया जहां से केवलादेव घना अभ्यारण में पानी पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने हैड पर सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पानी की आवक को देखते हुए एसडीआरएफ, पुलिस एवं संसाधन के अधिकारी निरंतर निगरानी रखें। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से भी चर्चा कर सतर्क रहने का आव्हान किया, पानी के बहाव क्षेत्र, तालाब, एनीकट एवं पानी के रपट वाली सड़कों पर वर्षा के दौरान जाने से बचें। जिससे जल जनित घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने ग्रामीणों को अपने पशुधन को भी पानी के बहाव क्षेत्र से दूर रखने का आह्वान किया।
शिक्षा विभाग को निर्देश
जिला कलक्टर ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गंभीर नदी के आसपास के गांव, बंध बरेठा बांध से छोड़े जा रहे पानी के बहाव क्षेत्र एवं जल भराव के प्रमुख स्थान पर स्थित सभी शिक्षण संस्थानों, गैर सरकारी विद्यालयों को पाबंद करें की जल भराव क्षेत्र के आसपास विद्यार्थियों को नहीं जाने दे। ऐसे स्थानों से निकलते समय विद्यार्थियों को लाने ले जाने वाले निजी विद्यालयों के वाहनों को भी पाबंद करें कि सुरक्षा का पूरा ध्यान रखें। उन्होंने एसडीआरएफ एवं पुलिस व जल संसाधन विभाग को पानी के बहाव क्षेत्र के नजदीक की सड़कों पर पूरी निगरानी रखने के निर्देश दिए। इस दौरान जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता बने सिंह, एसडीआरएफ के कमांडेंट नरपत सिंह, पुलिस, राजस्व, पंचायत राज विभाग के अधिकारी दौरे के दौरान उपस्थित रहे।

