कुंडला में संत बाबा के मेले में पहलवानों ने दिखाए दांव पेंच
सकट.(अलवर) क्षेत्र के कुंडला गांव की डुंगरी पर स्थित बाबाजी महाराज (संत बाबा) के स्थान पर बाबा का एक दिवसीय वार्षिक मेला भरा। संत बाबा के मेले में दर्शनों के लिए आस पास के गांवों के अलावा दूर दराज क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंचे और बाबा के मंदिर में प्रसाद चढ़ाया कर परिक्रमा लगाकर मत्था टेक मन्नत मांगी।यूथ मंडल कुंडला के अध्यक्ष राजेंद्र मीणा ने बताया कि मेले के अवसर पर बाबा के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का अलसुबह से ही बाबा के स्थान पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था जो देर शाम तक चलता रहा। यहां मेले से पूर्व बाबा के स्थान पर रात्रि जागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जागरण कार्यक्रम के दौरान गायक कलाकारो ने रात भर भजनों के माध्यम से बाबा की महिमा का गुणगान किया। मेले के अवसर पर बाबा के स्थान पर हवन पूजन, ढांचा दंगल व भंडारे का आयोजन किया गया। ढांचा दंगल में हरि सिंह धौलान व विक्रम मैजोड एण्ड पार्टी के कलाकार के द्वारा धार्मिक व पौराणिक कथाओं की प्रस्तुतियां सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मेले का समापन कुश्ती दंगल के साथ हुआ कुश्ती दंगल में आसपास के गांव व ढाणियों के लोग शामिल हुए कुश्ती दंगल में पहलवानों ने जोर अजमाइश कर दांव-पेंच लगाए। कुश्ती दंगल में कामड़े की अंतिम कुश्ती का मुकाबला लक्ष्मणगढ़ के पहलवान रामवीर सैनी व तालाब टहला के पहलवान रामावतार गुर्जर के बीच हुआ जिसमें रामवीर सैनी विजेता रहे। कुश्ती दंगल में विजेता रहे पहलवानों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। इस मौके पर कमलेश मीणा, छोटेलाल मीणा, पूरण टीपूडा, फैलीराम, मुकेश, इंद्राज, सुनील, राहुल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

